होशियारपुर: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा श्री हेमराज कपूर मेमोरियल सभागार, डीएवी कॉलेज में भव्य मेधावी छात्र सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जिले की लगभग 40 शिक्षण संस्थाओं के करीब 400 होनहार विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
करीब 400 मेधावी विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में कक्षा 10वीं, 12वीं, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों तथा विभिन्न कोचिंग संस्थानों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना तथा उन्हें मेहनत, अनुशासन और समर्पण के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक नरेंद्र कुमार ने दिया प्रेरणादायी संदेश
इस अवसर पर मुख्य अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पंजाब प्रांत प्रचारक नरेंद्र कुमार उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा के पूर्व सांसद अविनाश राय खन्ना, पूर्व मंत्री तीक्ष्ण सूद तथा डीएवी प्रबंधन के अध्यक्ष डॉ. अनूप कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि नरेंद्र कुमार ने अपने संबोधन में स्वामी विवेकानंद के एक राष्ट्र, एक जीवन के भाव का उल्लेख करते हुए कहा कि मनुष्य के जीवन की सच्ची सफलता इस बात में है कि वह अपने जीवन में कितने लोगों के काम आया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल अच्छी नौकरी या व्यक्तिगत सफलता के लिए नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए भी होनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और क्षमता का उपयोग देश और समाज के हित में करने का आह्वान किया।
एबीवीपी युवाओं में नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभाव विकसित करने का मंच: अविनाश राय खन्ना
विशिष्ट अतिथि अविनाश राय खन्ना ने अपने विद्यार्थी परिषद के तीन वर्षों के अनुभव साझा करते हुए कहा कि एबीवीपी केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि युवाओं में नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभाव विकसित करने का मंच है।
विद्यार्थी परिषद ने हमेशा राष्ट्रहित और छात्र नेतृत्व को बढ़ावा दिया: तीक्ष्ण सूद
विशिष्ट अतिथि तीक्ष्ण सूद ने कहा कि उन्हें भी विद्यार्थी जीवन में छह वर्षों तक एबीवीपी में कार्य करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि परिषद ने हमेशा राष्ट्रहित, सेवा, छात्र नेतृत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व को बढ़ावा दिया है।
बड़ी संख्या में शिक्षाविद्, अभिभावक और विद्यार्थी रहे मौजूद
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक, शिक्षाविद्, विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, अभिभावक तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे।
















