वाराणसी में दालमंडी मार्ग चौड़ीकरण परियोजना को लेकर बड़ी प्रगति हुई है। चौड़ीकरण से प्रभावित छह मस्जिद में से चार मस्जिदों—अली रजा, संगमरमर, करीमुल्लाह बेग और नेसारन मस्जिद—के मुतवल्लियों ने अपनी सहमति दे दी है। इसके बाद पीडब्ल्यूडी, राजस्व विभाग और पुलिस-प्रशासन की संयुक्त टीम ने संबंधित स्थलों की नापी भी कराई।
मुतवल्लियों के अनुसार, नापी के बाद चौड़ीकरण की जद में आने वाले हिस्से को ही हटाया जाएगा। वक्फ बोर्ड के वरिष्ठ पदाधिकारियों के अनुरोध पर सहमति पत्र दिए गए हैं।
पीडब्ल्यूडी द्वारा मानकों के अनुरूप कानूनी प्रक्रिया के तहत क्षतिपूर्ति प्रदान की जाएगी, जिससे मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य कराया जा सके। वहीं लंगड़ा हाफिज और रंगीले शाह मस्जिद को लेकर वार्ता जारी है।
शहर को जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से 650 मीटर लंबे दालमंडी मार्ग का करीब 17.5 मीटर तक चौड़ीकरण और सुंदरीकरण प्रस्तावित है। इस परियोजना के लिए 180 से अधिक भवन चिन्हित किए गए थे, जिनमें से 100 से अधिक भवनों का ध्वस्तीकरण कार्य पूरा किया जा चुका है।
अधिकारियों का कहना है कि सभी पक्षों से संवाद कर नियमों के अनुरूप कार्रवाई की जा रही है।











