उत्तर प्रदेश शासन ने वाराणसी रोप-वे परियोजना के लिए किराया दरों की अधिसूचना जारी कर दी है। इसके तहत वाराणसी कैंट, विद्यापीठ, रथयात्रा और गोदौलिया चौक स्टेशनों के बीच यात्रा के लिए न्यूनतम किराया 10 रुपये तथा अधिकतम किराया 50 रुपये निर्धारित किया गया है। कैंट से गोदौलिया तक की पूरी यात्रा 50 रुपये में जबकि विद्यापीठ से रथयात्रा तक की यात्रा मात्र 10 रुपये में की जा सकेगी।
स्थानीय नागरिकों और नियमित यात्रियों को राहत देते हुए ‘काशी स्मार्ट पास’ धारकों के लिए अधिसूचित किराए पर 20 प्रतिशत की छूट का प्रावधान किया गया है। इसके तहत कैंट से गोदौलिया तक का किराया 40 रुपये तथा विद्यापीठ से रथयात्रा तक का किराया 8 रुपये होगा। शासनादेश के अनुसार किराया दरों में प्रत्येक वर्ष एक अप्रैल से पांच प्रतिशत की वृद्धि की जाएगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए वाराणसी कैंट रोप-वे स्टेशन पर क्लॉक रूम की व्यवस्था भी की गई है। टिकट धारकों को शुरुआती दो घंटे तक सामान रखने की सुविधा निःशुल्क मिलेगी, जबकि इसके बाद 15 किलोग्राम तक के सामान पर 50 रुपये प्रति घंटा शुल्क लिया जाएगा। इसके अलावा पर्यटकों और समूह यात्राओं के लिए प्रीमियम गोंडोला सेवा उपलब्ध होगी, जिसका किराया 2000 रुपये प्रति यात्रा निर्धारित किया गया है।
देश की पहली शहरी सार्वजनिक परिवहन रोप-वे परियोजना कैंट रेलवे स्टेशन से गोदौलिया तक लगभग 3.75 किलोमीटर मार्ग पर संचालित होगी। इसके शुरू होने से कैंट से गोदौलिया तक का सफर 30 से 45 मिनट के बजाय लगभग 15 से 16 मिनट में पूरा हो सकेगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह परियोजना शहर में यातायात दबाव कम करने, पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।














