दिल्ली में विरोध प्रदर्शन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) और छात्र संगठनों ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का ऐलान किया है। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है। वहीं, दिल्ली मेट्रो ने भी सुरक्षा के मद्देनजर 45 स्टेशनों पर यात्रियों के प्रवेश और निकास पर रोक लगाने का फैसला किया है। इससे दिल्ली में सफर करने वाले लोगों को परेशानी हो सकती है।
प्रदर्शन को देखते हुए जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए हैं। कई जगह बैरिकेडिंग भी की गई है। दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। इसके बावजूद प्रदर्शन में शामिल होने के लिए लोगों के पहुंचने की खबर है। इसके अलावा, इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 लागू की गई है। इसका उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है। कुछ इलाकों में इंटरनेट सेवाओं पर पाबंदी लगाए जाने की भी जानकारी दी गई है।
45 मेट्रो स्टेशनों पर बंद रहेंगे गेट
Service Update – Revised
Due to security reasons, the entry and exit at the following metro stations will remain closed from 09:00 PM on 9th October, 2026 till 06:00 PM on 10th October, 2026. Further the situation will be reviewed by the security agencies and necessary updates…
— Delhi Metro Rail Corporation (@OfficialDMRC) October 9, 2026
दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के आदेश के अनुसार, 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से 10 अक्टूबर की शाम 6 बजे तक 45 मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद रहेगा। इस दौरान यात्री इन स्टेशनों से बाहर नहीं निकल सकेंगे और न ही यहां से मेट्रो में चढ़ सकेंगे। हालांकि, नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन को छोड़कर बाकी संबंधित स्टेशनों पर एक लाइन से दूसरी लाइन में जाने की सुविधा जारी रहेगी। सुरक्षा एजेंसियां हालात की समीक्षा करने के बाद आगे का फैसला लेंगी। बंद रहने वाले स्टेशनों में राजीव चौक, केंद्रीय सचिवालय, जनपथ, मंडी हाउस, आईटीओ, कश्मीरी गेट, हौज खास, लाजपत नगर, जामा मस्जिद, शाहदरा और आजादपुर समेत कई प्रमुख स्टेशन शामिल हैं। मेट्रो सेवाओं पर इस फैसले का असर रोजाना सफर करने वाले यात्रियों पर पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को घर से निकलने से पहले डीएमआरसी की आधिकारिक वेबसाइट या सोशल मीडिया पर ताजा जानकारी देखनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर दूसरे रास्तों का विकल्प भी चुनें।

















