मुंबई। बजरंग दल एवं दुर्गा वाहिनी के संयुक्त तत्वाधान में श्री राम जन्मभूमि आंदोलन के प्रणेता स्व. अशोक सिंहल जी के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर मुंबई के षण्मुखानंद सभागृह में एक विशाल युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में लगभग 4 हजार युवक-युवतियों ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ सहभागिता की।
इस अवसर पर युवाओं से संवाद करते हुए बजरंग दल के केंद्रीय सह-संयोजक विवेक कुलकर्णी ने श्रीमद्भगवद्गीता में वर्णित ‘धर्मसंस्थापनार्थाय’ की संकल्पना का अर्थ स्पष्ट किया। छत्रपति शिवाजी महाराज के कार्यों का संदर्भ देते हुए उन्होंने हिन्दू धर्म एवं हिन्दू संस्कृति के महत्व को रेखांकित किया तथा ‘युवा शक्ति – हिन्दू संस्कृति – राष्ट्रनिर्माण’ की त्रिसूत्री के माध्यम से युवाओं से समाज में सांस्कृतिक मूल्यों, सामाजिक दायित्व एवं राष्ट्रभावना को स्थापित करने के लिए आगे आने का आह्वान किया।

“अशोक सिंहल ने समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर किया व्यापक जागरण” — अरुण कुमार
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह अरुण कुमार जी ने स्व. अशोक सिंहल जी के साथ बिताए अपने संस्मरणों को साझा करते हुए कहा कि अशोक जी ने अत्यंत संघर्षपूर्ण परिस्थितियों में अपने जीवन का निर्माण किया। उन्होंने समाज के वंचित एवं उपेक्षित वर्गों के साथ-साथ विभिन्न जाति, समुदाय, संप्रदाय के लोगों तथा साधु-संतों को साथ लेकर व्यापक समाज जागरण का कार्य किया। उन्होंने विभिन्न सेवा प्रकल्पों के माध्यम से समाज के अंतिम पायदान तक पहुंचने के अशोक सिंहल के अथक प्रयासों का भी विशेष उल्लेख किया।

“आज की युवा पीढ़ी ‘सोऽहम्’ आत्मबोध को स्वीकार करते हुए भारतीय संस्कृति के सच्चे रक्षक और संवाहक बनें।” — महामंडलेश्वर स्वामी प्रणवानंद सरस्वती जी
युवाओं ने लिया राष्ट्रहित और संस्कृति संरक्षण का संकल्प
सम्मेलन के प्रमुख आकर्षण:
- व्यापक सहभागिता: मुंबई के षण्मुखानंद सभागृह में आयोजित इस ऐतिहासिक सम्मेलन में लगभग चार हजार युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
- संतों का सान्निध्य: महामंडलेश्वर स्वामी प्रणवानंद सरस्वती जी ने आशीर्वचन देते हुए युवाओं को सांस्कृतिक राष्ट्रवाद के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
- संकल्प: कार्यक्रम के दौरान उपस्थित उद्यमियों, गणमान्य नागरिकों और युवाओं ने राष्ट्रनिर्माण व हिन्दू संस्कृति के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर समाज के प्रमुख उद्यमी और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे।















