फ्लाईदुबई के एक बोइंग 737 विमान में उड़ान के दौरान ओमान के रहने वाले जिहादी को-पायलट हम्माम अल-हम्मामी ने कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला किया और विमान को क्रैश करने की कोशिश की। इतना ही नहीं उसने हवा में ही जहाज के दोनों इंजनों को बंद कर दिया था। यह उड़ान दुबई से तेल अवीव जा रही थी। घटना की जानकारी इटली के अखबार कोरिएरे डेला सेरा की रिपोर्ट और इजरायली अधिकारियों के बयानों से सामने आई है।
कैप्टन पर हमला और तेल अवीव का प्लान
रिपोर्ट के मुताबिक, को-पायलट की योजना कैप्टन स्मित मच्छार की हत्या करके विमान को इजरायल के तेल अवीव ले जाने की थी। वहां किसी ऊंची इमारत से टकराकर बड़ा हमला करना चाहते थे। कॉकपिट में नमाज पढ़ने का नाटक करके उसने पीछे से कैप्टन पर कुल्हाड़ी (क्रैश एक्स) से हमला किया। कैप्टन के सिर पर गंभीर चोटें आईं और एक हाथ लगभग कट गया। खून बहने के बावजूद कैप्टन ने कॉकपिट का दरवाजा खोला और मदद मांगी।
विमान का अचानक गिरना
कॉकपिट से आवाजें सुनकर एक महिला यात्री ने अलार्म बजाया। यात्री और अन्य लोग कॉकपिट की तरफ भागे। प्लान फेल होते देख को-पायलट ने ऑटोपायलट बंद कर दिया और कंट्रोल स्टिक नीचे दबा दी। विमान महज 30 सेकंड में करीब 14,000 से 16,000 फीट नीचे गिर गया। रफ्तार 970 किलोमीटर प्रति घंटे से ज्यादा हो गई। उसने दोनों इंजन बंद करने या ईंधन सप्लाई काटने की भी कोशिश की, जिससे इमरजेंसी लाइटें जल उठीं।
इसे भी पढ़ें: कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी पर दुनिया कर रही सलाम, फिर भारत का लेफ्ट-लिबरल इकोसिस्टम चुप क्यों ?
यात्रियों और अन्य पायलटों की भूमिका
एक यात्री यानिव हायौन ने आगे बढ़कर कंट्रोल स्टिक पीछे खींची और विमान को और गिरने से रोका। विमान में मौजूद ड्यूटी-ऑफ दो अन्य पायलटों ने कॉकपिट का नियंत्रण लिया, इंजन दोबारा चालू किए और प्लेन को स्थिर किया। सऊदी अरब के एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने तबुक हवाई अड्डे पर इमरजेंसी लैंडिंग का निर्देश दिया। पायलटों ने विमान को सुरक्षित उतार लिया।
लैंडिंग के बाद क्या हुआ
लैंडिंग के तुरंत बाद घायल कैप्टन स्मित मच्छार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत स्थिर बताई गई। ओमानी को-पायलट को सऊदी अधिकारियों के हवाले कर दिया गया। बाद में यात्री एक अन्य विमान से तेल अवीव पहुंच गए। विमान में करीब 174 लोग सवार थे, ज्यादातर इजरायली नागरिक।
जांच और आधिकारिक प्रतिक्रिया
इजरायल ने इस घटना को गंभीर सुरक्षा घटना और आतंकी कोशिश करार दिया है। इजरायली सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं कि ओमान के पायलट को तेल अवीव की उड़ान कैसे मिली। यूएई ने भी इसे आतंकी प्रयास बताया है। फ्लाईदुबई ने जांच चल रही बताई है और जल्दबाजी में अनुमान लगाने से बचने को कहा है। को-पायलट की मंशा और पृष्ठभूमि की पूरी जांच अभी जारी है।
















