पंजाब के सरकारी आवासों पर दिल्ली व दूसरे राज्यों से आए आम आदमी पार्टी के नेता कब्जा जमा रहे हैं, भाजपा ने इसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आज चण्डीगढ़ में भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष चौधरी सुनील कुमार जाखड़ सरकारी रेस्टहाऊस पहुंचे तो उन्हें अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। इसके खिलाफ वे रेस्ट हाऊस के गेट पर ही कुर्सी लगा कर बैठ गए।
भाजपा ने साधा निशाना
पंजाब भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने आम आदमी पार्टी पर पंजाब के सरकारी संसाधनों के कथित तौर पर दुरुपयोग को लेकर निशाना साधा है। जाखड़ ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी दिल्ली से लोगों को पंजाब में लेकर आई और उन्हें पंजाब के मंत्रियों के सरकारी बंगलों पर कथित तौर पर अवैध कब्जा करवाया गया। उन्होंने पंजाब के राजनीतिक नेताओं से इस मामले पर आवाज उठाने और सरकारी संपत्तियों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता दिखाने को कहा।
पंजाब के नेताओं को अब जागना होगा
जाखड़ ने कहा कि पंजाब के राजनीतिक दलों और नेताओं को अब जागना होगा। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर सरकारी बंगलों का इस्तेमाल कौन लोग कर रहे हैं और उन्हें ये आवास किस आधार पर उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी आवास किसी राजनीतिक दल के कार्यकर्ताओं या बाहर से लाए गए लोगों के लिए नहीं हैं। इनका आवंटन निर्धारित नियमों के तहत ही किया जाना चाहिए।
पंजाब के अधिकारों और सरकारी संपत्तियों से जुड़ा है सवाल
जाखड़ ने कहा कि यह केवल सरकारी बंगलों का मामला नहीं है, बल्कि पंजाब के अधिकारों और सरकारी संपत्तियों से जुड़ा सवाल है। उन्होंने पंजाब के नेताओं को चेताते हुए कहा कि यदि आज इस तरह के मामलों पर आवाज नहीं उठाई गई तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।
दूसरे राज्यों के लोगों को सरकारी सुविधा कैसे दी गई ?
उन्होंने कहा कि जब ये लोग मंचों पर चढक़र राजनीतिक गतिविधियों में हिस्सा लेंगे, तब भी सवाल उठाया जाएगा कि उन्हें पंजाब में किस आधार पर लाया गया और सरकारी सुविधाएं किस नियम के तहत दी गईं। जाखड़ ने कहा, जागो पंजाब के राजनेताओं, आपके घर में चोर घुस आए हैं।
किन लोगों को मिले आवास
भाजपा नेता ने मांग की कि सरकारी बंगलों के आवंटन और उनके इस्तेमाल का पूरा रिकार्ड सार्वजनिक किया जाए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया जाए कि किन लोगों को कौन से सरकारी आवास आवंटित किए गए और इसके लिए क्या नियम अपनाए गए। जाखड़ ने कहा कि यदि किसी स्तर पर नियमों का उल्लंघन हुआ है तो इसकी जांच होनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पंजाब की सरकारी संपत्ति का इस्तेमाल पारदर्शी तरीके से होना चाहिए और किसी भी राजनीतिक दल को इसका मनमाना इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
विधायक खैहरा ने भी लगाए आरोप
दूसरी ओर भुलत्थ के विधायक सुखपाल सिंह खैहरा ने भी आरोप लगाए हैं कि चंडीगढ़ के सैक्टर 39 में स्थित सरकारी आवासों पर मनीष सिसोदिया, जरनैल सिंह, गायत्री बिश्नोई आदि नेता सरकारी सुविधाओं का दुरुपयोग कर रहे हैं। इसको लेकर सोशल मीडिया में काफी खींचतान भी चल रही है।

















