
नई दिल्ली: अरब सागर में अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र के भीतर पाकिस्तानी नौसेना का एक जहाज भारतीय नौसेना के जहाज से टकराया है। इस घटना के बाद भारत ने पाकिस्तान के प्रभारी राजनयिक को तलब कर कड़ा विरोध दर्ज कराया। विदेश मंत्रालय ने कहा कि पाकिस्तानी नौसेना के जहाज का व्यवहार भारत और पाकिस्तान के बीच 1991 में हुए उस समझौते के अनुच्छेद 10 का सीधा उल्लंघन था, जो सैन्य अभ्यासों, युद्धाभ्यासों और सैनिकों की आवाजाही के बारे में पहले से सूचना देने से संबंधित है।
वहीं, भारत ने इस्लामाबाद में भी पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के समक्ष विरोध दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। भारत ने इस घटना के माध्यम से सैन्य गतिविधियों के दौरान सावधानी और संबंधित समझौतों के पालन की आवश्यकता पर जोर दिया है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि सभी सैन्य इकाइयों को समुद्र में उचित सावधानी बरतने और दोनों देशों के बीच लागू समझौतों के प्रावधानों का सम्मान करने की जरूरत है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। विदेश मंत्रालय का कहना है कि पाकिस्तानी प्रभारी राजनयिक को बुधवार को विदेश मंत्रालय में तलब किया गया। उन्हें पाकिस्तानी अधिकारियों तक भारत की कड़ी आपत्ति पहुंचाने को कहा गया। भारत ने स्पष्ट किया कि समुद्र में सभी सैन्य इकाइयों को पूरी सावधानी बरतनी चाहिए और दोनों देशों के बीच लागू संबंधित समझौतों के प्रावधानों का सम्मान करना चाहिए, ताकि इस तरह की घटना दोबारा न हो। विदेश मंत्रालय का कहना है कि यह घटना अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में हुई। हालांकि, टक्कर से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।