खटीमा/ऊधमसिंह नगर : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS), खटीमा खंड की ओर से रविवार को सिटी कॉन्वेंट स्कूल (पहेनिया) में ‘शताब्दी वर्ष युवा सम्मेलन’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के युवाओं और स्वयंसेवकों का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। सम्मेलन में गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (पंतनगर) के कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और युवाओं में राष्ट्रप्रेम की अलख जगाई।
राष्ट्र और संस्कृति के प्रति समर्पण का आह्वान
मुख्य अतिथि डॉ. शिवेंद्र कश्यप और वक्ताओं ने युवाओं को देश, समाज और अपनी सनातन संस्कृति के संरक्षण हेतु पूर्ण समर्पण भाव से कार्य करने का संदेश दिया। सम्मेलन के दौरान युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए पारंपरिक शारीरिक खेल, बौद्धिक सत्र और सांस्कृतिक/राष्ट्र निर्माण पर आधारित विशेष प्रश्नोत्तरी स्पर्धा आयोजित की गई। संघ के 100 वर्षों की यात्रा, विचार धारा, सेवा कार्यों और आने वाले समय में देश के नवनिर्माण में युवा शक्ति के योगदान पर विस्तृत चर्चा की गई।

















