देहरादून। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने सीएम कार्यकाल के दौरान उनके OSD रहे चंदन जीना घर पर पड़े ED छापे में बरामद कैश-ज्वेलरी पर सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि इस घटना से वह लज्जित हैं।
हरीश रावत ने सोशल मीडिया पर लिखा – सामने टीवी पर खबर आ रही है कि देहरादून में हरीश रावत के पीए के पास भारी मात्रा में कैश और ज्वैलरी आदि पकड़ी गई या पकड़ाई गई, इस तथ्य का खुलासा तो आने वाले समय में होगा और यह सत्य है कि श्री जीना मेरे ओएसडी रहे हैं और मैं जितने भी पदों पर रहा, चाहे पार्टी में रहा या सरकार में रहा, वह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संभालते रहे हैं। श्री जीना एक निहायती सज्जन, विनम्र और काम करने वाले व्यक्ति हैं। यदि ग्राम सेवकों की भर्ती में ओएमआर शीट के साथ छेड़छाड़ की और यदि इस तरीके की कोई भी गलती उन्होंने की है, उसके प्रमाण हैं तो उनके इस तथाकथित दुस्साहसिक कृत्य के लिए मैं लज्जित हूँ। परंतु मुझे इस आरोप पर बिल्कुल विश्वास नहीं है।
उन्होंने यह भी लिखा कि उनके किसी भी कृत्य से यदि पार्टी के संघर्ष में कोई कमजोरी आती है, तो ऐसा बिल्कुल नहीं चाहूँगा। इसलिए एक बड़ा निर्णय लिया है कि उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी का सदस्य और राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस कार्यसमिति का स्थाई आमंत्रित सदस्य हूं और मैं इन दोनों पदों से हटना चाहूंगा।

















