मानसून के तेवर एक बार फिर बदले हुए नजर आ रहे हैं। देश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है। हालांकि, कई इलाकों में तेज बारिश के कारण जलभराव की समस्या भी सामने आ रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने 7 सितंबर को दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 22 राज्यों में भारी बारिश और आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बारिश के दौरान कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। तेज हवा के कारण पेड़ और बिजली के खंभे गिरने जैसी घटनाओं का खतरा रहता है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।
इन राज्यों में बारिश का अलर्ट
बारिश और खराब मौसम की चेतावनी वाले राज्यों में राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, बिहार, हरियाणा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, त्रिपुरा और मेघालय शामिल हैं। इन राज्यों में मौसम का असर अलग-अलग रह सकता है। कई जगहों पर तेज बारिश, जबकि कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। भारी बारिश के बीच उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। वहीं समुद्र में तेज हवाओं और खराब मौसम की आशंका को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। पूर्वी और पूर्वोत्तर राज्यों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। लोगों को सलाह दी गई है कि बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान या पेड़ के नीचे खड़े न हों। मौसम विभाग के मुताबिक, 7 सितंबर तक मानसून सक्रिय रहने की संभावना है। इसके बाद मानसून की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आ सकती है। लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में तापमान भी नीचे आया है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार आने वाले दिनों में कुछ क्षेत्रों में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है।
















