नेपाल बाढ़ त्रासदी में मानवीय सहायता के लिए भारत प्रतिबद्ध है। राहत सामग्री तो भेजी ही जा रही है। भारत के विदेश मंत्रालय के अधिकारियों के साथ विदेश मंत्री एस जयशंकर महत्वपूर्ण बैठक कर रहे हैं। भारतीय वायुसेना ने भी कमर कस ली है।
भारतीय वायु सेना का एक और C-17 विमान 37.5 टन राहत सामग्री लेकर रवाना हुआ, जिसमें दवाएं और खाने-पीने का सामान शामिल है। यह विमान काठमांडू पहुंच गया है। भारतीय वायुसेना ने यह जानकारी दी।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया पर बताया कि नेपाल में बाढ़ की आपदा को लेकर विदेश सचिव, MEA की टीम और काठमांडू व बीजिंग में हमारे राजदूतों के साथ समीक्षा बैठक की।
उन्होंने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में सभी भारतीयों की स्थिति और उनकी सलामती का पता लगाने के लिए तेज़ी से कोशिशें की जा रही हैं। इस मामले में MEA अलग-अलग मंत्रालयों, राज्य सरकारों, टूर ऑपरेटरों और प्रोजेक्ट अधिकारियों के साथ तालमेल बिठा रहा है। हम इस मामले और राहत कार्यों, दोनों ही चीज़ों पर नेपाली पक्ष के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। एक दूसरी उड़ान भेज दी गई है, जो नेपाल के लिए 37.5 टन HADR सामग्री, दवाएं और खाने के पैकेट लेकर गई है।
विदेश मंत्री ने बताया कि भारत नेपाली अधिकारियों के साथ लगातार और करीबी संपर्क में है। हम चल रहे राहत कार्यों का ज़ोरदार समर्थन करना जारी रखेंगे।













