अयोध्या में स्थित भगवान श्री राम लला विराजमान के मंदिर में इन दिनों एक महिला द्वारा दिए गए दान की काफी चर्चा हो रही है। दक्षिण भारत से आई महिला ने दो हिस्सों में मंदिर में दान दिया है। महिला ने श्री रामलाल विराजमान को 10,000 रुपये और श्री राम मंदिर में काम करने वाले कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने के लिए 4 करोड़ रुपये दान किए हैं।
महिला श्रद्धालु एस नागलक्ष्मी ने अपने संदेश में कर्मचारियों के वेतन और सुविधाओं को बेहतर बनाने पर बल दिया है। महिला की ओर से कहा गया है कि मंदिर की सेवा में लगे कर्मचारियों की सुविधाओं और पारिश्रमिक में सुधार किया जाना चाहिए। कहा जा रहा है कि श्री राम मंदिर में चार करोड़ रुपये के चेक के रूप में आए इस दान पर सभी की नजर बनी हुई है। भुगतान की स्थिति स्पष्ट होने के बाद यह स्पष्ट हो सकेगा कि यह धनराशि मंदिर कर्मचारियों के हित में पहुंच गई है। जानकारी के अनुसार, बड़ी धनराशि के चेक का भुगतान क्लियर करने से पहले बैंक निर्धारित प्रक्रिया के अंतर्गत उसकी जांच करने के बाद भुगतान क्लियर करता है। चार करोड़ रुपये के इस चेक की जांच के बाद वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।


















