भारत

Weather Today: 23 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट, यूपी समेत कई राज्यों में बिगड़ेगा मौसम

देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज 23 राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है।

Published by
Mahak Singh

देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने आज 23 राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और आंधी-तूफान की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर समेत कई राज्यों में अगले कुछ समय के दौरान मौसम खराब रह सकता है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।

यूपी समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है। अंबेडकर नगर, अमेठी, अयोध्या, आजमगढ़, बलिया, बस्ती, देवरिया, गाजीपुर, गोरखपुर, जौनपुर, मऊ, मेरठ, मुजफ्फरनगर, प्रतापगढ़, सुल्तानपुर और वाराणसी समेत कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है। यहां हवाओं की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। बारिश के कारण निचले इलाकों में जलभराव और यातायात प्रभावित होने की परेशानी सामने आ सकती है। लोगों को मौसम खराब होने के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है। तेज हवाओं के कारण पेड़, बिजली के खंभे और कमजोर ढांचे प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए।

उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में भारी बारिश की आशंका है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क पर मलबा आने का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में लोगों को यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतने और मौसम विभाग की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी गई है। बिहार के पूर्णिया, दरभंगा, भागलपुर, मधुबनी, किशनगंज, बेगूसराय, सिवान और बक्सर समेत कई जिलों में बारिश और आंधी की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। मध्य प्रदेश के छतरपुर, ग्वालियर, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली और टीकमगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश का अनुमान है। राजस्थान के जयपुर, उदयपुर, कोटा, भरतपुर और बीकानेर समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

Share