उधम सिंह नगर: रुद्रपुर जिला मुख्यालय में बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में हंगामा करने और बीजेपी विधायक शिव अरोरा सहित अन्य नेताओं के अमर्यादित शब्द बोलने वाले कांग्रेस नेता पूर्व विधायक राज कुमार ठुकराल के खिलाफ निर्वाचन विभाग द्वारा पुलिस में मामला दर्ज कराया गया है।
उल्लेखनीय है कि SIR को लेकर राजनीतिक दलों की बात सुनने के लिए कुमाऊँ आयुक्त दीपक रावत जिलामुख्यालय आये थे और उनके समकक्ष सर्वदलीय बैठक बुलाई गई थी। जहां बीजेपी के किच्छा से पूर्व विधायक राजेश शुक्ला अपनी बात रख रहे थे कि कांग्रेस के नेता, बीजेपी के बीएलए को धमका रहे हैं, उनकी बात का समर्थन रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने भी किया है। जिसे सुनते ही कांग्रेस नेता राजकुमार ठुकराल आग बबूला हो गए और प्रशासनिक अधिकारियों के सामने ही बिगड़ैल बोल बोलने लगे। इसके बाद हंगामे के हालात पर बीजेपी दल बल के साथ कलेक्टर के कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गई और कांग्रेस नेताओं पर कार्रवाई की मांग कर भजन आदि करने लगी।
ठुकराल का समर्थन करने किच्छा से कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ थोड़ी देर के लिए आए किंतु वहाँ जिलाध्यक्ष को नदारद पा कर ये कहते हुए वहां से चले गए कि उन्हें बैठक की सूचना नहीं थी,इस लिए वो प्रतीकात्मक समर्थन के लिए आए थे।
रिपोर्ट हुई दर्ज
जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी ने जो शिकायती पत्र पंतनगर पुलिस को दिया है उसमें लिखा है कि इसी मीटिंग के दौरान पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल द्वारा उत्तेजना में आकर ऊँची आवाज में अशोभनीय बातें वर्तमान विधायक शिव अरोड़ा व अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ की गईं। जिस कारण उत्तेजनापूर्ण वातावरण तैयार करते हुए बैठक को प्रभावित किया गया। उक्त के साथ-साथ अति उत्तेजना का प्रदर्शन करते हुए सामने बैठे जनपद प्रतिनिधियों की ओर आकामक मुद्रा में आकर उँची आवाज में भय का माहौल उत्पन्न किया गया। अन्य जनप्रतिनिधियों को भी प्रभावित किया गया। उक्त परिस्थिति में मीटिंग को स्थगित करनी पड़ी जिससे राजकीय कार्य में बाधा उत्पन्न हो गयी। अतः दोषियों के विरूद्ध वैधानिक कार्यवाही करने का कष्ट करें।”
जिला सहायक निर्वाचन अधिकारी कास्तुभ मिश्रा ने बताया कि घटना क्रम की जानकारी पुलिस को दी गई है जो भी विषय होगा सामने आ जाएगा। डीएम नितिन भदौरिया ने कहा कि अराजकता बर्दाश्त नहीं की जा सकती, सभी को बारी बारी से बोलने का अवसर सर्वदलीय बैठक में दिया जाता है हर किसी से ये अपेक्षा की जाती है कि वो मर्यादा में रह कर धैर्यपूर्वक अपनी बात रखे।

















