उधमसिंह नगर: रुद्रपुर के चर्चित गैंगरेप मामले में उधम सिंह नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। फरार चल रहे तीनों आरोपियों को बगवाड़ा चौकी क्षेत्र में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, वाहन चेकिंग के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग की। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी गुरबाज उर्फ मानु के पैर में गोली लगी।
घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने मौके से जोगा सिंह और रविंदर को भी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। एसएसपी अजय गणपति स्वयं जिला अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी से पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी ली।
पुलिस का कहना है कि गैंगरेप प्रकरण में तीनों वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब विवेचना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप, पुलिस पर फायरिंग, शस्त्र अधिनियम समेत अन्य संबंधित धाराओं में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

















