दिल्ली

Noida Weather: दिल्ली-NCR में बदला मौसम का मिजाज, नोएडा में तेज बारिश से दिन में छाया अंधेरा

नोएडा के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। वहीं, गाजियाबाद में हाईवे पर वाहनों की गति कम दिखाई दी। बारिश बढ़ने पर यहां जाम की स्थिति और गंभीर होने की आशंका बनी रही।

Published by
Mahak Singh

दिल्ली-एनसीआर में सोमवार की सुबह मौसम ने अचानक अपना मिजाज बदल लिया। सुबह से छाए बादलों के बीच कई इलाकों में बूंदाबांदी हो रही थी, लेकिन करीब 11 बजे के बाद मौसम ने अचानक करवट ली। नोएडा समेत दिल्ली, गाजियाबाद और गुरुग्राम के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। काले बादलों ने आसमान को इस तरह ढक लिया कि दिन में ही शाम जैसा अंधेरा नजर आने लगा। कई वाहन चालकों को सुरक्षा के लिए गाड़ियों की लाइट जलाकर सड़क पर चलना पड़ा।

गर्मी व उमस से राहत

बारिश के बाद तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। पिछले कुछ दिनों से गर्मी से परेशान लोगों के लिए मौसम का यह बदलाव राहत लेकर आया। कई इलाकों में बारिश के बाद ठंडी हवा चलने लगी, जिससे मौसम सुहाना हो गया। हालांकि, बारिश अपने साथ कुछ परेशानियां भी लेकर आई। सुबह दफ्तर जाने वाले लोगों को कई जगह ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। तेज बारिश के कारण हाईवे और प्रमुख सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई। कई स्थानों पर सड़क पर पानी जमा होने लगा, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।

नोएडा के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। वहीं, गाजियाबाद में हाईवे पर वाहनों की गति कम दिखाई दी। बारिश बढ़ने पर यहां जाम की स्थिति और गंभीर होने की आशंका बनी रही। गुरुग्राम के मानेसर क्षेत्र में करीब 40 मिनट तक तेज बारिश हुई। इससे लोगों को उमस और गर्मी से काफी राहत मिली। गुरुग्राम के अन्य हिस्सों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में दिनभर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी से सफर करने और जलभराव वाले रास्तों से बचने की सलाह दी गई है।

Share