खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या के बाद भारत और कनाडा के संबंधों में बड़ी तल्खी आई थी, लेकिन अब उसको लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। ये खुलासा अमेरिकी में छुपे बैठे गोल्डी बरार के लीक हुए एक ऑडियो से हुआ है। इसमें बरार प्रो-खालिस्तानी आतंकवादी परमीत सिंह पम्मा से बात करते हुए स्वीकार करता है कि उसी ने निज्जर की हत्या की थी। इंटेलिजेंस सूत्रों ने इस आवाज को बरार की ही बताया है। बरार भारत में कई हत्याओं का आरोपी है, जिसमें गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या भी शामिल है।
लीक ऑडियो में क्या कहा गया
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, बरार ऑडियो में कहता है कि निज्जर को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वो ड्रग तस्करी और नशे को बढ़ावा दे रहा था। निज्जर उन लोगों का साथ देता था जो 16-17 साल के बच्चों को ड्रग्स बेचने के लिए उकसाते थे, उन्हें ब्लैकमेल करते थे और मुखबिर बनाते थे। निज्जर इन लोगों को मजबूत कर रहा था, ताकि वक्त आने पर वह उन्हें अपने तरीके से इस्तेमाल कर सके। उसका ये भी कहना था कि युवाओं को ड्रग्स बेचने में इस्तेमाल करने की वजह से उसे अपनी टीम के साथ मिलकर निज्जर को रास्ते से हटाना पड़ा। अच्छा हो या बुरा, हर किसी को अपने कर्मों का फल भुगतना पड़ता है।
इसे भी पढ़ें: PM मोदी-शी जिनपिंग की मुलाकात से पहले चीन के दौरे पर अजीत डोभाल, सीमा विवाद समेत कई मुद्दों पर चर्चा होगी
ऑपरेशन हार्डबॉल से जुड़ा मामला
यह ऑडियो उस समय सामने आया जब अमेरिका और कनाडा की संयुक्त कार्रवाई ऑपरेशन हार्डबॉल चल रही थी। इसमें अंतरराष्ट्रीय अपराध गिरोहों को निशाना बनाया गया। जांच में गोल्डी बरार और लॉरेंस विश्नोई पर निज्जर (एचएसएन) की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा। इससे इस हत्या को राज्य प्रायोजित नहीं, बल्कि गैंगवार से जुड़ा बताया जा रहा है। कनाडा पुलिस की शुरुआती जांच में भी गैंग प्रतिद्वंद्विता का इशारा था। जांच में यह भी सामने आया था कि निज्जर पर हमले का ऑर्डर कई हफ्तों से एन्क्रिप्टेड ऑनलाइन साइट पर हिटमैन किराए पर लेने के लिए घूम रहा था।
हत्या कैसे हुई थी
हरदीप सिंह निज्जर (45) को 18 जून 2023 को सरे के न्यूटन इलाके में गुरु नानक सिख गुरुद्वारे की पार्किंग में गोली मार दी गई थी। हमले में छह लोग और दो गाड़ियां इस्तेमाल हुईं। सीसीटीवी फुटेज में निज्जर की ग्रे पिकअप ट्रक और एक सफेद सेडान पार्किंग में साथ-साथ चलती दिखी, जिसके कुछ सेकंड बाद फायरिंग शुरू हुई। निज्जर खालिस्तान टाइगर फोर्स (केटीएफ) का मुखिया था। उसकी मौत के बाद उसके करीबी अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श डल्ला नया मुखिया बना।
इसी ऑडियो में बरार ने अर्श डल्ला के करीबी सुखदूल सिंह उर्फ सुखा डुनेके की हत्या का भी दावा किया है। सुखा डुनेके को सितंबर 2023 में विनिपेग इलाके में मार दिया गया था।

















