गत दिनों अमृतसर के पास एक थाने में हुए हथगोले से हमले के आरोप में पुलिस ने आतंकी संगठन खालिस्तान लिब्रेशन आर्मी के तीन आतंकियों को गिरफ्तार किया है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर खालिस्तान लिब्रेशन आर्मी के तीनों गुर्गों को अमृतसर देहात की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभी इनकी पहचान नहीं बताई है, परंतु ये तीनों आरोपित अमृतसर जिले के ही बताए जा रहे हैं।
30 मार्च को किया था हमला
इन आरोपितों ने 30 मार्च की रात को भारत-पाकिस्तान सीमा से तीन किलोमीटर दूर स्थित भिंडी सैदां थाने पर ग्रेनेड से हमला कर दिया था। हालांकि इस हमले में कोई पुलिस कर्मी हताहत नहीं हुआ था। 30 मार्च की घटना के बाद तीनों आरोपित भूमिगत हो गए थे। पुलिस की ओर से थाने के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
70 कैमरों की चेकिंग के बाद हुई पहचान
पुलिस ने लगभग 70 से ज्यादा कैमरे ट्रेल चेक की और तीनों आरोपितों की पहचान कर ली। जब पुलिस ग्रेनेड हमले के आरोपितों को पकड़ऩे वाली थी तो वह भूमिगत हो गए। पुलिस की टीमें उन्हें लगातार ढूंढ रहीं थीं। पुलिस ने सबसे पहले ग्रेनेड हमले की वीडियो बनाकर उसे वायरल करने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से मिले मोबाइल की जांच की गई तो उसमें थाने पर ग्रेनेड हमले की वीडियो भी बरामद की गई। उसकी पूछताछ के बाद पुलिस ने बाइक सवार दो आरोपितों को भी दबोच लिया, जिन्होंने थाना भिंडी सैदां पर ग्रेनेड से हमला किया था।
आईएसआई के लिए करते थे काम
पूछताछ में पता चला है कि तीनों पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के इशारे पर भारत में दोबारा सक्रिय हो रहे आतंकी संगठन खालिस्तान लिब्रेशन आर्मी के साथ जुड़कर इन वारदातों को अंजाम देने में लगे हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए दो मोटरसाइकिल भी बरामद किए हैं। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि तीनों के गिरोह में और कितने युवक काम कर रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: भोजशाला: सबूत मिटाने के लिए पत्थरों को छेनी से काटा, मूर्तियों पर चढ़ाए प्लास्टर-हिन्दू वकील के गंभीर आरोप
खेत से मिला ड्रोन, 7 किलो हेरोइन
सीमावर्ती जिला फिरोजपुर के मल्लांवाला के नजदीकी गांव कोहाला में उस समय हडक़ंप मच गया, जब गेहूं की कटाई की तैयारी कर रहे एक किसान को अपने खेतों में एक ड्रोन और करीब सात किलो हेरोइन का पैकेट मिला। किसान ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। जानकारी के मुताबिक, जिस किसान के खेतों से यह बरामदगी हुई है, उसकी पहचान गुरजंट सिंह पुत्र थाना सिंह के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और ड्रोन सहित हेरोइन के पैकेट को अपने कब्जे में ले लिया। प्रारंभिक जांच में यह मामला सरहदी क्षेत्र से जुड़ा हुआ माना जा रहा है, जिसमें ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों की तस्करी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

















