विशाखापट्टनम के समीप स्थित गुड़िलोवा के ‘विज्ञान विहार’ विद्यालय में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ‘अखिल भारतीय समन्वय बैठक’ आज प्रातः प्रारंभ हुई। बैठक का शुभारंभ पू. सरसंघचालक मोहन भागवत जी और माननीय सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी ने भारत माता के चित्र पर पुष्पार्चन करके किया। बैठक 21 अगस्त की शाम तक चलेगी।
प्रतिवर्ष होने वाली अखिल भारतीय समन्वय बैठक में पूजनीय सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी, माननीय सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले जी, सभी सह सरकार्यवाह और अन्य केंद्रीय अधिकारी उपस्थित हैं। समन्वय बैठक में संघ प्रेरित 32 विविध संगठनों जैसे भारतीय मजदूर संघ, विश्व हिन्दू परिषद, भारतीय जनता पार्टी, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, भारतीय किसान संघ, राष्ट्र सेविका समिति सहित अन्य के राष्ट्रीय अध्यक्ष, महामंत्री, अखिल भारतीय संगठन मंत्री और कुछ चयनित कार्यकर्ता उपस्थित हैं। बैठक में विविध संगठनों से 49 महिलाओं सहित कुल 253 प्रमुख कार्यकर्ता और संघ के पदाधिकारियों को मिलाकर 327 प्रतिनिधि अपेक्षित हैं।

















