
आज का मौसम
देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के प्रभाव से उत्तर भारत समेत कई राज्यों में बारिश का दौर तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार समेत 19 राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की है। वहीं, दिल्ली-NCR में उमस भरी गर्मी के बीच अचानक मौसम बदलने और बारिश होने के आसार हैं। पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है।
दिल्ली में पिछले कई दिनों से लोग उमस और गर्मी से परेशान हैं। हालांकि, आज मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी मौसम का मिजाज इसी तरह रहने की संभावना है। हरियाणा के कई हिस्सों में छिटपुट से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। इससे कुछ समय के लिए गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। उत्तर प्रदेश में मानसून के सक्रिय रहने से कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मेरठ, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, आगरा, मथुरा, मुरादाबाद, कानपुर, बरेली, हरदोई, सीतापुर, शाहजहांपुर, बिजनौर, गोंडा, बस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत समेत कई जिलों में तेज बारिश और आंधी की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री
बिहार के कई जिलों में भी मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। गया, रोहतास, बक्सर, भोजपुर, जहानाबाद, मुंगेर, बांका, जमुई, कटिहार, भागलपुर, कैमूर, नालंदा, नवादा, औरंगाबाद, वैशाली, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज और लखीसराय में भारी बारिश के साथ गरज-चमक होने की संभावना है। बारिश के दौरान तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना जरूरी होगा। गंगेटिक पश्चिम बंगाल में 17 अगस्त को अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। सिक्किम में भी कई स्थानों पर अच्छी बारिश हो सकती है। असम और मेघालय में पूरे सप्ताह अलग-अलग इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश में भी कई हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं। पहाड़ी राज्यों में 17 और 18 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा बढ़ सकता है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में भी सप्ताह के अधिकांश दिनों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।