कॉकरोचों के आंदोलन की जब से शुरुआत हुई है, तभी से ये कहा जा रहा था कि इसमें कई आपराधिक तत्व भी शामिल हैं। अब ये बात भी निकलकर सामने आ गई है। पता चला है कि जिस अपराधी को राजस्थान पुलिस बीते कई दिनों से तलाश रही थी। वह कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान मंच साझा करते दिखा।
रिपोर्ट्स के अनुसार, इस अपराधी की पहचान रामचंद्र के तौर पर हुई है। वह धोखाधड़ी के मामले का आरोपी है। पुलिस उसे लंबे वक्त से ढूंढ रही थी। इस दौरान पुलिस को वह नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के दौरान सीजेपी के मंच पर बैठा दिखा। जानकारी के मुताबिक, रामचंद्र वहां करीब पांच दिन तक मौजूद रहा। झुंझुनू से चार पुलिसकर्मियों की एक टीम भी उसकी गिरफ्तारी के लिए दिल्ली में ही थी। लेकिन माहौल बिगड़ने का डर होने की वजह से पुलिस ने उसे गिरफ्तार नहीं किया।
कब दर्ज हुई थी शिकायत
रामचंद्र के खिलाफ फरवरी 2025 में झुंझुनू कोतवाली पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई थी। मामला वाहनों की खरीद-फरोख्त से जुड़ा था। थाना अधिकारी श्रवण कुमार मील ने बताया कि पुलिस ने रामचंद्र पर नजर रखी हुई थी। योजना यह थी कि जैसे ही भीड़ कम हो, उसे गिरफ्तार कर लिया जाए। लेकिन वैसा मौका नहीं मिला।
खुद को बताता है सीजेपी की कोर कमेटी का सदस्य
रामचंद्र ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर खुद को कॉकरोच जनता पार्टी की कोर कमेटी का सदस्य बताया हुआ है। फिलहाल वह फरार है और पुलिस उसकी तलाश जारी रखे हुए है।

















