चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग अमेरिका के तीन दिवसीय राजकीय दौरे पर हैं। वहां उनका शाही स्वागत ट्रंप ने किया। इसके बाद उन्होंने गुरुवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से व्हाइट हाउस में मिले। यह मुलाकात दोनों देशों के बीच एआई, व्यापार और ताइवान जैसे मुद्दों पर तनाव के बीच हुई। इस दौरान शी ने ताइवान के मुद्दे पर अमेरिका को नसीहत भी दे दी कि वो उस मामले से दूर ही रहे। जिनपिंग ने कहा कि दोनों देश मिलकर काम करें तो थ्यूसीडाइड्स ट्रैप से बचा जा सकता है। थ्यूसीडाइड्स ट्रैप का मतलब है जब कोई उभरती ताकत पुरानी ताकत को चुनौती देती है तो अक्सर सैन्य टकराव हो जाता है।
बैठक की शुरुआत और स्वागत
ट्रंप ने शी और उनकी पत्नी पेंग लियुआन का व्हाइट हाउस में स्वागत किया। उन्होंने बताया कि शी दूसरे चीनी नेता हैं जो अमेरिका की दूसरी राजकीय यात्रा पर आए हैं। पहली यात्रा 2015 में बराक ओबामा के समय हुई थी। ट्रंप ने कहा कि यह मुलाकात अमेरिका की आजादी के 250 साल पूरे होने के मौके पर हो रही है। इससे एक दिन पहले ट्रंप ने एंड्रयूज एयर फोर्स बेस पर जाकर शी और उनकी पत्नी का स्वागत किया था।
स्वागत समारोह में दोनों देशों के राष्ट्रगान बजे। ट्रंप की पत्नी मेलानिया और कैबिनेट के सदस्य भी मौजूद थे। बाद में दोनों नेताओं की द्विपक्षीय बातचीत हुई।
शी जिनपिंग की मुख्य बातें
शी ने कहा कि चीन और अमेरिका की परिस्थितियां अलग हैं, लेकिन खुली और लगातार बातचीत से दोनों एक-दूसरे को बेहतर समझ सकते हैं, मतभेदों को छोड़कर आम सहमति बना सकते हैं और भरोसा बढ़ा सकते हैं। उन्होंने कहा कि दोनों देश सहयोग से फायदे में रहेंगे और टकराव से नुकसान उठाएंगे। दोनों की सेनाओं को नियमित बातचीत रखनी चाहिए और संकट से बचने के तरीके सुधारने चाहिए।
शी ने ट्रंप के नारे का जिक्र करते हुए कहा कि चीन के राष्ट्रीय पुनरुत्थान और अमेरिका को फिर से महान बनाने के लक्ष्य साथ-साथ चल सकते हैं। उन्होंने 1 लाख युवा अमेरिकियों को चीन में छात्र आदान-प्रदान पर बुलाने का प्रस्ताव भी दिया। शी ने कहा कि ट्रंप से उनका आपसी सम्मान और व्यक्तिगत रिश्ता है। उन्होंने ट्रंप की इस साल की चीन यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों ने रणनीतिक स्थिरता वाला रिश्ता बनाने पर सहमति जताई थी।
ट्रंप की प्रतिक्रिया और डिनर
ट्रंप ने कहा कि शी से उनकी अच्छी दोस्ती बनी है। दोनों देशों की टीमें व्यापार संतुलन पर काम कर रही हैं, जिसमें अमेरिकी किसानों और पशुपालकों के लिए नए बाजार खोले गए हैं। उन्होंने सुरक्षा, तकनीक और एआई (जिसे उन्होंने सुपर इंटेलिजेंस कहा) पर चर्चा का जिक्र किया।
शाम को ट्रंप ने शी के सम्मान में राज्य भोज दिया। इसमें एनवीडिया के सीईओ जेंसन हुआंग, मेटा के मार्क जुकरबर्ग, एपल के टिम कुक, स्पेसएक्स और टेस्ला के एलन मस्क तथा ओपनएआई के सैम ऑल्टमैन जैसे लोग शामिल हुए। शी ने भोज में कहा कि बातचीत में कई मुद्दों पर आम समझ बनी है।
व्यापार और एआई का मुद्दा
दोनों देशों के बीच एआई की होड़ में अमेरिका ने माइक्रोचिप्स, सेमीकंडक्टर और संबंधित उपकरणों पर सख्त निर्यात नियंत्रण लगा रखा है। पिछले साल दक्षिण कोरिया में बनी टैरिफ युद्धविराम की समय सीमा नवंबर में खत्म होने वाली थी, जिसे फरवरी तक बढ़ा दिया गया है। अमेरिकी ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने इसकी जानकारी दी। दोनों देशों के बीच व्यापार युद्ध के बावजूद अमेरिकी बाजार में चीनी आयात बढ़ रहा है।











