झारखंड छात्र प्रदर्शन को लेकर चुप्पी और कॉकरोचों के प्रदर्शन पर बयानबाजी मामले में बॉलीवु़ड अभिनेता नसीरुद्दीन शाह घिरते नजर आ रहे हैं। उनके दोहरे नजरिए पर वरिष्ठ अभिनेता और गायक पीयूष मिश्रा ने सवाल उठाए हैं। झारखंड के छात्र आंदोलन में पहुंचे मिश्रा ने नसीरुद्दीन पर सवाल दागा कि इस वक्त वो कौन कुत्ते हैं, जिनके मुंह में हड्डी है।
पीयूष मिश्रा ने क्या कहा
झारखंड प्रोटेस्ट में शामिल होने के दौरान पीयूष मिश्रा ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “नसीरुद्दीन शाह साहब, आपने कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट पर सेलेब्स के कुछ न कहने पर एक बात कही थी कि जिन कुत्तों के मुंह में हड्डी है वह नहीं बोलेंगे। माफ करिएगा, मैं आपका पूरा सम्मान देकर पूछना चाहता हूं कि इस वक्त वो कौन कुत्ते हैं, जिनके मुंह में हड्डी है।”
उन्होंने नसीरुद्दीन शाह और अन्य सेलेब्रिटीज की चुप्पी पर भी सवाल उठाया।
नसीरुद्दीन शाह का पुराना बयान क्या था
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रोटेस्ट के समय सेलेब्स की चुप्पी पर नसीरुद्दीन शाह ने द वायर से बात करते हुए कहा था कि सेलेब्स तब बोलेंगे जब उनका जमीर उनसे ऐसा करने को कहेगा। उन्होंने एक कहावत का जिक्र किया था कि जिस कुत्ते के मुंह में हड्डी होती है, वो भौंक नहीं सकता। जैसे ही हड्डी उसके मुंह से गिरेगी या दांत टूटेंगे, तब वो भौंकेगा।
झारखंड में छात्र आंदोलन और पीयूष मिश्रा की मौजूदगी
झारखंड की राजधानी रांची में परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का आंदोलन चल रहा है। यह प्रदर्शन 16वें दिन पर था। जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में धरना स्थल पर पीयूष मिश्रा पहुंचे। वहां उन्होंने अभ्यर्थियों के बीच बैठकर उनका समर्थन किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि वे छात्रों के इंटरव्यू देखकर और उनकी आंखों में दर्द देखकर यहां आए हैं। इस दौरान उन्होंने अपनी फिल्म ‘गुलाल’ का प्रसिद्ध गाना ‘आरंभ है प्रचंड’ भी गाया। परिसर में इससे उत्साह दिखा।
रांची आने की वजह
पीयूष मिश्रा ने साफ कहा कि उनका यहां आने का कोई और मकसद नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रदर्शनकारी छात्रों के इंटरव्यू देखे थे। छात्रों की आंखों में दर्द, तकलीफ और आंसू देखकर उनसे रहा नहीं गया। दो दिन का समय खाली मिलते ही वे सीधे रांची आ गए। उन्होंने प्रोटेस्ट के लिए आर्थिक मदद देने की भी बात कही।

















