संसद परिसर में विपक्ष के विरोध प्रदर्शन को लेकर काशी के साधु-संतों की शिकायत पर सांसद राहुल गांधी, सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव तथा सांसद अवधेश प्रसाद के खिलाफ शनिवार को कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर दर्ज किया मामला
पुलिस उपायुक्त (काशी जोन) गौरव बंसवाल ने बताया कि संसद परिसर में हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर साधु-संतों की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत के आधार पर राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि उक्त प्रदर्शन से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
पातालपुरी मठ के साधु-संतों ने दी तहरीर
पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु बालक देवाचार्य के नेतृत्व में साधु-संतों ने कोतवाली थाने पहुंचकर लिखित तहरीर दी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मुद्दे को लेकर कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं ने भी विरोध प्रदर्शन किया।
धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप
जगद्गुरु बालक देवाचार्य ने आरोप लगाया कि संसद परिसर में हुए प्रदर्शन के दौरान भगवा वस्त्र धारण कर हिंदू संत परंपरा का स्वरूप प्रस्तुत किया गया तथा भगवान श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित दान को प्रतीकात्मक रूप से प्रदर्शित कर करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई। राहुल गांधी, पप्पू यादव और अवधेश प्रसाद ने भावनाओं को आहत किया।











