नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की रेलवे यूनिट की स्पेशल स्टाफ टीम और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय कोकीन तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो नाइजीरियन महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों के कब्जे से 2.288 किलोग्राम कोकीन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस का कहना है कि यह गिरोह मुंबई से दिल्ली-एनसीआर तक मादक पदार्थों की सप्लाई करता था। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है। रेलवे यूनिट के पुलिस उपायुक्त बी भारत रेड्डी ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर बताया कि यह कार्रवाई नशा मुक्त दिल्ली अभियान के तहत चलाई जा रही विशेष मुहिम के दौरान की गई। पुलिस उपायुक्त का मानना है कि इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय ड्रग्स सिंडिकेट को बड़ा झटका लगा है और बड़ी मात्रा में कोकीन अवैध बाजार तक पहुंचने से पहले ही जब्त कर ली गई।
दिल्ली लक्ष्मी योजना: CM रेखा गुप्ता ने की शुरुआत…महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2500 रुपये
पुलिस के मुताबिक, 31 जुलाई को हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर स्पेशल स्टाफ के हेड कांस्टेबल सुखपाल, कांस्टेबल योगेश और महिला कांस्टेबल पूजा गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सामान लेकर घूम रही दो नाइजीरियन महिलाएं संदिग्ध दिखाई दीं। उनकी गतिविधियों पर शक होने पर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और एनडीपीएस एक्ट के तहत सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एक महिला के सामान से 11 पैकेट बरामद हुए। जांच में इनमें कोकीन होने की पुष्टि हुई। मौके पर पहुंची एफएसएल और क्राइम टीम ने भी बरामद पदार्थ को कोकीन बताया। इसके बाद हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन थाने में एफआईआर संख्या 51/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(3)/29 में मामला दर्ज कर दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान चिकान्सो जेम्स (43 वर्ष) और हैप्पीनेस ओकोये (41 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों नाइजीरिया की नागरिक हैं। पुलिस ने दोनों के पासपोर्ट भी जब्त कर लिए हैं ताकि जांच के दौरान उनकी गतिविधियों और भारत में आने-जाने के रिकॉर्ड की पड़ताल की जा सके। पूछताछ के दौरान मुख्य आरोपित चिकान्सो जेम्स ने खुलासा किया कि बरामद कोकीन उसे विकासपुरी इलाके से मिली थी। पुलिस अब उस सप्लायर की पहचान करने में जुटी है, जिसने यह खेप उसे सौंपी थी। इसके साथ ही दिल्ली, मुंबई और अन्य राज्यों में फैले पूरे नेटवर्क, सप्लाई चेन, फाइनेंशियल ट्रेल और अन्य सहयोगियों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने दोनों महिलाओं को अदालत में पेश किया। कोर्ट ने मुख्य आरोपित चिकान्सो जेम्स को पुलिस रिमांड पर भेज दिया है ताकि कोकीन की सप्लाई का स्रोत, खरीदारों और पूरे अंतरराज्यीय ड्रग्स नेटवर्क का पता लगाया जा सके। वहीं सह-आरोपित हैप्पीनेस ओकोये को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह गिरोह मुंबई से कोकीन लाकर दिल्ली-एनसीआर में सप्लाई करता था। रेलवे स्टेशन का इस्तेमाल ड्रग्स की आवाजाही के लिए किया जा रहा था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इससे पहले यह गिरोह कितनी खेप दिल्ली पहुंचा चुका है और किन लोगों तक नशे की सप्लाई की जाती थी। रेलवे यूनिट की स्पेशल स्टाफ टीम लंबे समय से रेलवे नेटवर्क के जरिए होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी पर नजर रख रही है। इसी अभियान के तहत रेलवे स्टेशनों पर विशेष निगरानी और सघन चेकिंग की जा रही है। इस कार्रवाई को रेलवे जिला पुलिस की अब तक की बड़ी सफलताओं में से एक माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी की भी संभावना है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि संगठित ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा ताकि राजधानी को नशा मुक्त बनाया जा सके।

















