आज के डिजिटल दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने लोगों की जिंदगी को काफी आसान बना दिया है। पढ़ाई, नौकरी, बिजनेस और स्वास्थ्य जैसे कई क्षेत्रों में AI का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। लेकिन इसके साथ ही इस तकनीक का गलत उपयोग भी बड़ी चुनौती बनकर सामने आ रहा है। खासकर AI की मदद से फर्जी वीडियो और तस्वीरें बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर AI से बनाए गए आपत्तिजनक और एडिट किए गए वीडियो को लेकर बड़ी कार्रवाई की है।
हैदराबाद पुलिस का बड़ा एक्शन
जानकारी के मुताबिक, यह मामला तेलंगाना के दो लोगों की शिकायत के बाद सामने आया। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया कि इंस्टाग्राम पर उन्हें ऐसे कई वीडियो और तस्वीरें मिलीं, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को डिजिटल एडिटिंग और AI तकनीक के जरिए कथित तौर पर गलत और भ्रामक तरीके से दिखाया गया था। उनका कहना है कि इस तरह की सामग्री लोगों को गुमराह करने के साथ-साथ सामाजिक माहौल भी खराब कर सकती है। शिकायत मिलने के बाद हैदराबाद साइबर क्राइम पुलिस ने दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं। पुलिस ने संबंधित फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट्स के संचालकों को आरोपी बनाया है। इसके अलावा Meta के इंडिया हेड अरुण श्रीनिवास को भी दोनों मामलों में सह-आरोपी के रूप में नामजद किया गया है।
शिकायत में कहा गया है कि वायरल वीडियो और तस्वीरों में प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक भाषा और अभद्र टिप्पणियों का इस्तेमाल किया गया। शिकायतकर्ताओं का दावा है कि यह सामग्री AI या डिजिटल एडिटिंग के जरिए तैयार की गई और सोशल मीडिया पर तेजी से फैलाई गई। मामले के सामने आने के बाद Meta ने भारत सरकार को भरोसा दिया है कि प्रधानमंत्री समेत अन्य महत्वपूर्ण पदों से जुड़े अकाउंट्स की निगरानी और मजबूत की जाएगी। कंपनी ने कहा है कि ऐसे संवेदनशील मामलों की समीक्षा अब वरिष्ठ अधिकारी करेंगे, ताकि आपत्तिजनक या फर्जी सामग्री पर जल्द कार्रवाई की जा सके। इसी बीच दिल्ली पुलिस ने भी प्रधानमंत्री के खिलाफ सोशल मीडिया पर साझा किए गए कथित आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर सख्ती दिखाई है। पुलिस ने संबंधित सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को ऐसे कंटेंट हटाने के निर्देश दिए हैं और कुछ न्यूज पोर्टल्स व सोशल मीडिया अकाउंट्स को नोटिस भी जारी किए हैं।

















