लखनऊ । उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष एवं सदस्य विधान परिषद डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भदोही जिले का नाम फिर से संत रविदास नगर रखे जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई दी और उनका आभार व्यक्त किया है।
अखिलेश यादव पर दलित विरोध का आरोप
डॉ. निर्मल ने कहा कि दलितों के वोट की खातिर सपा प्रमुख अखिलेश यादव पीडीए समाज की बात कर रहे हैं और ये वही अखिलेश यादव हैं, जिन्होंने सत्ता में रहते हुए दलित समाज के संत रविदास जी के नाम से बने जिले का नाम भदोही कर दिया था। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव का दलित विरोध किसी से छिपा नहीं है।
महापुरुषों के नाम पर बने जिलों और संस्थानों का नाम बदलने का आरोप
डॉ. निर्मल ने कहा कि सपा प्रमुख ने बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर, छत्रपति शाहू जी महाराज के नाम पर बने जिलों और विश्वविद्यालयों का नाम बदल दिया, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में डॉ. आंबेडकर जी का भव्य स्मारक बनवा रहे हैं।
महापुरुषों के सम्मान को लेकर साधा निशाना
उन्होंने यह भी कहा कि धर्म और जाति से हटकर हमेशा मानव कल्याण की बात करने वाले इन महापुरुषों का सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने हमेशा अपमान किया है। उन्होंने कहा कि वैसे तो अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी का इतिहास रहा है कि इन लोगों ने हमेशा समतामूलक समाज स्थापित करने वाले महापुरुषों को अपमानित करने का कोई भी मौका नहीं छोड़ा है।
जिलों के नाम बदलने को लेकर भी उठाए सवाल
डॉ. निर्मल ने कहा कि अखिलेश यादव ने अपने शासनकाल में इन महापुरुषों का इतिहास मिटाने की कोशिश की और भगवान बुद्ध की माता के नाम से बनाए गए जिला महामाया नगर के साथ पंचशील नगर जिले का नाम बदल दिया। महात्मा ज्योतिबा फुले के नाम से बने जिले का नाम भी बदल दिया।
उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव संविधान की रक्षा की बात करते हैं और खुद को डॉ. आंबेडकर के समकक्ष खड़ा करके बाबा साहब और उनके करोड़ों अनुयायियों का अपमान करने से परहेज नहीं करते।











