पंजाब

पंजाब में सफाई कर्मचारियों पर लाठीचार्ज : वाल्मीकि समाज में आक्रोश, AAP नेताओं के पोस्टर फाड़े

बरनाला में 22 जुलाई को सफाई कर्मचारियों पर प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज किया गया। इसके विरोध में आज वाल्मीकि समाज द्वारा पंजाब बंद की अपील गई थी।

Published by
राकेश सैन

पंजाब के बरनाला में सफाई कर्मचारियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में वाल्मीकि समाज ने आज पंजाब बंद का आह्वान किया। इसका असर राज्य के कई हिस्सों में दिखाई दिया। जालंधर में बंद को देखते हुए स्कूलों ने छुट्टी घोषित कर दी। बाजारों और परिवहन सेवा पर भी असर देखने को मिला।

वाल्मीकि समाज ने सभी वर्गों का किया था अह्वान

वाल्मीकि समाज के विभिन्न संगठनों ने आम जनता, व्यापारिक संगठनों, सामाजिक संस्थाओं और सभी वर्गों से बंद का समर्थन करने और उनके आंदोलन में शामिल होने की अपील की। बंद के दौरान बाजार, व्यापारिक प्रतिष्ठान और परिवहन सेवाएं प्रभावित हुईं।

अमृतसर में पुल पर लगाया धरना

बरनाला में हुई घटना के विरोध में सीवरेज कर्मचारी यूनियन और वाल्मीकि समुदाय के सदस्यों ने सोमवार को अमृतसर के भंडारी पुल पर धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुल के चारों ओर से आने वाले सभी रास्ते बंद कर दिए और वाहनों को रोककर वापस भेज दिया, जिससे शहर में यातायात प्रभावित रहा। धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान पुल पर लगे सरकार के पोस्टर भी नीचे उतारकर फेंक दिए गए। प्रदर्शनकारियों ने बरनाला घटना के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जब तक आरोपियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध जारी रहेगा।

धरने के कारण आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात पर नजर रखी। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इसी बीच खबर सामने आई है कि अमृतसर में बंद के दौरान लोगों द्वारा भंडारी पुल पर लगे आप नेताओं के पोस्टर फाड़े गए। वहीं शहर के मुख्य हालगेट बाजार को बंद करवाया गया। अमृतसर में दोपहर बाद बंद का असर ज्यादा दिखा।

बता दें कि  बरनाला में 22 जुलाई को सफाई कर्मचारियों पर प्रदर्शन के दौरान लाठीचार्ज किया गया। इसके विरोध में आज वाल्मीकि समाज द्वारा पंजाब बंद की अपील गई थी।

Share

Recent News