पिछले कुछ दिनों से देश के कई हिस्सों में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई थी, जिससे लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन अब मौसम ने फिर से करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, राजस्थान और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने दो निम्न दबाव (लो-प्रेशर) के क्षेत्रों और पहाड़ों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मानसून दोबारा मजबूत हो गया है। इसका असर अगले दो-तीन दिनों में उत्तर भारत के कई राज्यों में देखने को मिलेगा, जहां अच्छी से लेकर भारी बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है। इससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।बंगाल की खाड़ी के पास बना लो-प्रेशर सिस्टम लगातार मजबूत हो रहा है। इसके असर से ओडिशा, झारखंड, पश्चिम बंगाल और छत्तीसगढ़ में भी अच्छी बारिश होने की संभावना है। वहीं राजस्थान के ऊपर बना दूसरा सिस्टम अरब सागर से नमी खींच रहा है, जिससे पश्चिमी और मध्य भारत में भी मानसून फिर सक्रिय हो गया है।
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन, बादल फटने और अचानक बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने लोगों और पर्यटकों को सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है। भारी बारिश के कारण कई जगह सड़कें भी प्रभावित हो सकती हैं। उत्तर प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में भी अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होने का अनुमान है। इससे खेती-किसानी को फायदा मिलेगा। इस साल अब तक देश में सामान्य से करीब 15 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में होने वाली बारिश से इस कमी को काफी हद तक पूरा किया जा सकता है।











