सहकारिता जगत की शीर्ष संस्था ‘राष्ट्रीय सहकारिता संघ’ के प्रबंधक मंडल के पंचवर्षीय चुनाव में सहकार भारती और भाजपा के संयुक्त गठबंधन ने जबर्दस्त विजय प्राप्त की है। इस गठबंधन ने 20 में से 19 सीट पर जीत प्राप्त कर नया इतिहास रच दिया है। प्रमुख विजेताओं में सहकार भारती के संरक्षक दीनानाथ ठाकुर, इफको के अध्यक्ष दिलीप भाई संघाणी, एनसीडीएफआई के अध्यक्ष मिनेश शाह, कृभको के अध्यक्ष बिपिन पटेल, नैफेड के मोहनभाई कुंडारिया, एनसीसीएफ के अध्यक्ष विशाल सिंह, विनय कुमार शाही, महाराष्ट्र के प्रवीण दरेकर, नकुल कडू, कर्नाटक के जी.टी. देवेगौड़ा, मणिपुर की जीना पोत्संगबम, गुजरात के घनश्याम अमीन, उत्तर प्रदेश के धनंजय सिंह, मुदित वर्मा, कर्नाटक के एच.के. पाटील, अण्णासाहेब जोल्हे सहित अन्य प्रत्याशी शामिल हैं।
चुनाव में 10 प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं सहकार भारती के राष्ट्रीय महामंत्री दीपक चौरसिया को केंद्र सरकार के मनोनीत प्रतिनिधि के रूप में नामांकित किया गया है।
चुनाव अभियान में सहकार भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. उदय जोशी, राष्ट्रीय महामंत्री दीपक चौरसिया, संगठन मंत्री संजय पाचपोर, भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष तथा एनडीडीबी के उपाध्यक्ष कुलदीप चहल सहित वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
सहकार भारती एवं भाजपा सहकारिता प्रकोष्ठ ने ऐतिहासिक विजय को देश के सहकारिता आंदोलन की मजबूती और सहकारिता संस्थाओं में सुशासन, पारदर्शिता तथा जवाबदेही की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है।
















