गत दिनों विद्या भारती, दिल्ली प्रांत के सेवा शिक्षा विभाग के तत्वावधान में श्याम नगर, दिल्ली में ‘माता रेवतीबाई संस्कार केंद्र’ का उद्घाटन हुआ। इस संस्कार केंद्र का नाम राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के आद्य सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार की पूज्य माताजी रेवतीबाई के सम्मान में रखा गया है। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, दिल्ली के प्रांत कार्यवाह श्री अनिल गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर श्री विनय गुप्ता (संयोजक, कुटुंब प्रबोधन गतिविधि, दिल्ली प्रांत) एवं श्री पुरुषोत्तम (अध्यक्ष, नरेंद्र नाथ मेमोरियल ट्रस्ट) विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। श्री अनिल गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि संस्कार केंद्र बच्चों को केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक समरसता से भी जोड़ने का कार्य करते हैं।
उन्होंने ‘ॐ’ के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्कारित बालक ही सशक्त समाज और समर्थ राष्ट्र का निर्माण करते हैं। विद्या भारती के प्रांत संयोजक श्री नरेंद्र दत्त ने बताया कि यह सरस्वती बाल मंदिर, राजौरी गार्डन का छठा, पश्चिमी विभाग का 29वां तथा विद्या भारती, दिल्ली प्रांत का 122वां संस्कार केंद्र है।
उन्होंने कहा कि इन संस्कार केंद्रों के माध्यम से बच्चों में भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता एवं श्रेष्ठ जीवन-मूल्यों का विकास किया जाता है। इस अवसर पर बाल पुस्तकालय एवं स्वाध्याय योजना का शुभारंभ भी किया गया तथा विद्यार्थियों को आकर्षक उपहार वितरित किए गए।
समारोह में संस्कार केंद्र के विद्यार्थियों ने देशभक्ति गीत, संस्कार गीत एवं कविताओं की प्रभावशाली प्रस्तुतियां देकर सभी का मन
मोह लिया।
















