राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के बीच हिंसा के कई मामले सामने आ रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान एक आरएएफ (RAF) जवान और पुलिसकर्मी को भीड़ द्वारा घेरकर बुरी तरह पीटे जाने (लिंचिंग की कोशिश) और उन पर पथराव के वीडियो सामने आए हैं। भाजपा नेता प्रवेश साहिब सिंह और तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दिल्ली के जंतर-मंतर और संसद मार्ग इलाके में सीजेपी के हिंसक विरोध प्रदर्शन से जुड़े वीडियो साझा किए हैं।
प्रवेश साहिब सिंह ने बुधवार (22 जुलाई) हो एक्स पर प्रदर्शनकारियों द्वारा एक आरएएफ जवान को लात मारकर जमीन पर गिराने का वीडियो साझा करते हुए अपनी पोस्ट में लिखा, “इस वीडियो में हिंसा साफ दिखाई दे रही है। एक प्रदर्शनकारी RAF जवान को लात मारकर जमीन पर गिरा देता है, जिसके बाद भीड़ उसे घेर लेती है और उन पर हमला करती है। यह कोई शांतिपूर्ण प्रदर्शन नहीं है। यह पूरी तरह से कानून-व्यवस्था की कमी है। जिन लोगों ने इस प्रोटेस्ट को ऑर्गनाइज किया, इसका सपोर्ट किया, उन्हें नागरिकों और सुरक्षाकर्मियों की जान खतरे में डालने के लिए जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।”
https://twitter.com/p_sahibsingh/status/2079845992086851800
जवान को लात से पीटने वालों के खिलाफ FIR दर्ज
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि प्रदर्शनकारियों ने कैसे भाग रहे RAF के जवान को पैर मारकर नीचे गिरा दिया। उसके बाद वे जवान को लात से पीटते नजर आ रहे हैं। जवान को घेरकर लिंचिंग की ये कोशिश मंगलवार (21 जुलाई) शाम लगभग 8 बजे हुई। किसी तरह दूसरे साथियों ने जवान की जान बचाई। दिल्ली पुलिस ने इस घटना के संबंध में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इससे पहले सोमवार को भी संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है।
वहीं, तजिंदर पाल सिंह बग्गा ने एक्स पर हिंसा का एक अन्य वीडियो साझा करते हुए लिखा, “लश्कर-ए-कॉकरोच ने दिल्ली पुलिस अधिकारी की हत्या करने की कोशिश की।” वीडियो में देखा जा सकता है कि सड़क के बीचों-बीच प्रदर्शनकारी पुलिसकर्मी को जमीन पर गिराकर उन्हें चारों तरफ से घेर लेते हैं। इसके बाद वे उनकी बेल्ट, लातों और डंडों से बेरहमी से पिटाई करते हैं। काफी कोशिशों के बाद पुलिसकर्मी वहां से अपनी जान बचा पाते हैं।
कनॉट प्लेस में पुलिस की गाड़ियों के शीशे तोड़े
यही नहीं प्रदर्शनकारियों ने कनॉट प्लेस पर भी तोड़फोड़ की है। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब डेढ़ बजे प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के कई बैरिकेड्स तोड़े और जमकर बवाल काटा। इसके अलावा प्रदर्शन के दौरान पुलिस की गाड़ियों के शीशे तोड़ने और उनकी वैन में तोड़फोड़ की घटनाएं भी सामने आई हैं। पुलिस के मुताबिक, कुछ निहंग तलवार लेकर जयसिंह रोड पर पहुंचे, जहां पुलिस हेडक्वार्टर है।
जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा बढ़ाई
प्रदर्शन के बीच लगातार बढ़ती हिंसा को देखते हुए जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राजीव चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, पटेल चौक और बाराखंबा मेट्रो स्टेशन पर भारी पुलिस बल तैनात है। स्टेशन के बाहर पुलिस जांच कर रही है कि कितनी संख्या में लोग जंतर मंतर पहुंच रहे हैं।

















