वाराणसी: रामनगर थाना क्षेत्र में सोमवार को पुलिस और गो-तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर गो-तस्कर मोहम्मद एजाज घायल हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान करीब 30 गोवंशीय पशुओं को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया।
पुलिस ने 30 गोवंशीय पशु बरामद किए
पुलिस के अनुसार, एक बड़े कंटेनर में भरकर ले जाए जा रहे लगभग 30 गोवंशीय पशुओं को बरामद किया गया। सभी पशुओं को सुरक्षित शेल्टर होम भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद एजाज बिहार का निवासी बताया जा रहा है। एसीपी कोतवाली विजय प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहनसराय-डाफी मार्ग से एक कंटेनर में गोवंशीय पशुओं को लादकर बिहार ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर रामनगर पुलिस ने वाहन को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान चालक ने कंटेनर भगाने की कोशिश की और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मोहम्मद एजाज के पैर में गोली लग गई। उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है। पुलिस कंटेनर को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास और उससे जुड़े अंतरराज्यीय गो-तस्करी गिरोह के नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर जल्द ही उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

















