नैनीताल: सर्वोच्च न्यायालय, उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय तथा पुलिस मुख्यालय उत्तराखण्ड, देहरादून द्वारा जारी दिशा-निर्देशों पर जनपद भर में उच्च तीव्रता वाले ध्वनि विस्तारक यंत्रों (लाउडस्पीकर, एम्पलीफायर आदि) के विरुद्ध व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
एसएसपी मंजू नाथ टीसी ने बताया कि एसपी क्राइम, एसपी सिटी के नेतृत्व में सभी थाना प्रभारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में ‘धार्मिक स्थलों, सार्वजनिक स्थानों, आवासीय क्षेत्रों, वाणिज्यिक क्षेत्रों, औद्योगिक क्षेत्रों तथा साइलेंट जोन में ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग की गहन जांच’ की जा रही है।
अभियान के दौरान निर्धारित ध्वनि मानकों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ‘बड़ी संख्या में लाउडस्पीकर, एम्पलीफायर एवं अन्य ध्वनि विस्तारक यंत्रों को हटाकर सीज’ किया गया है। उन्होंने बताया कि नैनीताल पुलिस संबंधित व्यक्तियों एवं संस्थानों को ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियमों, न्यायालयों के आदेशों तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के लिए जागरूक भी कर रही है।
एसएसपी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति या निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक तीव्रता पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग करने वालों के विरुद्ध उत्तराखण्ड पुलिस अधिनियम, ध्वनि प्रदूषण (विनियमन एवं नियंत्रण) नियम तथा अन्य प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
















