अमेरिका से हेट क्राइम का मामला प्रकाश में आया है, जहां एक भारतीय युवक को धार्मिक पहचान के आधार पर चाकू से गोद दिया गया। घटना देश के यूटा राज्य की बताई जा रही है, जहां एक शॉपिंग मॉल में सोहैल नाम के एक भारतीय युवक से अचानक एक व्यक्ति ने पूछा कि क्या वो मुस्लिम है। जैसे ही युवक ने हां कहा तो एक दो नहीं ताबड़तोड़ 15 बार चाकू से उसे गोद डाला। पीड़ित की हालत गंभीर है।
क्या है पूरा मामला
रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना यूटा के वेस्ट वैली सिटी के वैली फेयर मॉल में हुई। पीड़ित सोहैल नाम के भारतीय युवक हैं, जो मॉल में काम करते हैं। हमलावर 48 साल का पीटर माइकल लार्सन है। बताया जाता है कि सोहैल रोज की तरह अपने काम में लगे हुए थे। लार्सन मॉल में आया और पहले बहुत सामान्य तरीके से बात करने लगा।
हमले से पहले क्या हुआ
पास के ज्वेलरी स्टोर में काम करने वाली लूना नुनेज ने पूरी घटना अपनी आंखों से देखी। उन्होंने बताया कि लार्सन ने सोहैल से पूछा, “तुम कहां से हो?” सोहैल ने जवाब दिया, “मैं भारत से हूं और मेरा नाम सोहैल है।”
फिर लार्सन ने पूछा, “क्या तुम मुस्लिम हो?” सोहैल ने हां कहा। यूटा इस्लामिक सेंटर के इमाम शुएब दिन के अनुसार, लार्सन ने सोहैल से पानी की बोतल भी मांगी। जैसे ही सोहैल पानी लेने के लिए घूमा, लार्सन ने जेब से चाकू निकाला और हमला शुरू कर दिया।
हमले का तरीका
लार्सन ने सोहैल पर लगातार 15 बार चाकू से वार किए। लूना नुनेज ने कहा कि वे डर गई थीं कि सोहैल बच नहीं पाएंगे। उन्होंने बचाने के लिए जूते और कुर्सी समेत जो कुछ भी हाथ लगा, लार्सन पर फेंकना शुरू कर दिया। मॉल के दूसरे कर्मचारी और ग्राहकों ने भी तुरंत मदद की। उन्होंने लार्सन को पीछे से पकड़ लिया, जमीन पर गिराया और पुलिस आने तक रोके रखा। अगर इन लोगों ने बीच में न रोका होता तो सोहैल की जान बचना मुश्किल था।
सोहैल को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। वहां उनकी कई सर्जरी हुईं। फिलहाल वे जिंदगी और मौत से लड़ रहे हैं और उनकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
आरोपी ने क्या कहा
पुलिस ने लार्सन को गिरफ्तार कर साल्ट लेक काउंटी जेल में भेज दिया है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और खतरनाक हथियार रखने के आरोप लगाए गए हैं। अदालती दस्तावेजों के अनुसार, पूछताछ में लार्सन ने खुद कबूल किया कि उसने सोहैल को जानबूझकर निशाना बनाया क्योंकि वह मुस्लिम था। उसने कहा, “मेरा मकसद ही मुस्लिमों को मारना है।”
जांचकर्ताओं का कहना है कि लार्सन हिंसक विचारधारा रखता है और पहले से ऐसे प्लान कर चुका था। इससे पहले वह मॉल में दूसरे लोगों से भी उनके धर्म के बारे में पूछ रहा था।

















