तेलंगाना में हत्या के मामले में एक साल से फरार चल रहे हिस्ट्रीशीटर मोहम्मद शेख जावेद को हैदराबाद कमिश्नर की टास्क फोर्स ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से करीब 115 ग्राम गांजा बरामद हुआ है। वह तेलंगाना की एक दरगाह में अपनी पहचान छिपाकर पीर बनकर रह रहा था। पुलिस ने बताया कि वह पिछले साल 5 जून से फरार है और सैफाबाद पुलिस स्टेशन में दर्ज 2018 के हत्या के मामले में वांछित है। उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। वह हत्या के मामले में कोर्ट के सामने भी पेश नहीं हुआ था। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पीर का भेष धारण किया हुआ था।
सूचना मिलने पर हुई गिरफ्तारी
आरोपी के संबंध में खुफिया जानकारी मिलने पर खैरताबाद जोन टास्क फोर्स और सैफाबाद पुलिस ने मिलकर जावेद की गतिविधियों पर नजर रखी और उसे हैदराबाद में ढूंढ निकाला। अधिकारी मंगलवार (14 जुलाई) को नाना मिया मस्जिद के पास फूल बाग पहुंचे और वहां से मोहम्मद शेख जावेद को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से लगभग 115 ग्राम गांजा और हरे रंग के पीर वाले कपड़े बरामद किए गए, जिनका इस्तेमाल वह अपनी पहचान छिपाने के लिए कर रहा था।
आरोपी ने अपना जुर्म कबूला
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल किया। उसने बताया कि वह अपनी पहचान छिपाने, पुलिस को गुमराह करने के लिए इस साल जनवरी में हैदराबाद से भाग गया था और संगारेड्डी जिले में चेरियाल रोड के पास अपने दादा-दादी के घर पर रह रहा था। पुलिस ने बताया कि पकड़े जाने और गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद उसने पीर का भेष धारण किया और कांडी के पास जिंदेशा मदार दरगाह में रहने लगा। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

















