
अमृतसर देहात पुलिस ने पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए भेजी गई हथियारों की खेप के मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान आकाशबीर काशी, जोबन सिंह और भैणी राजपूता निवासी एक नाबालिग के आरोपी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो एके-47 राइफलें, दो लाइट मशीन गन, दो हैंड ग्रेनेड और अन्य सामान बरामद किया है।
एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चाहल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सीमावर्ती क्षेत्र में पाकिस्तान स्थित हैंडलरों ने ड्रोन के माध्यम से हथियारों की खेप गिराई है। सूचना के आधार पर चलाए गए अभियान के दौरान तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर हथियार बरामद किए गए। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया है कि ये हथियार दिल्ली पहुंचाए जाने थे।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी बड़ी वारदात या स्वतंत्रता दिवस के आसपास किसी साजिश में किया जाना था। जांच एजेंसियां आरोपियों के विदेशी हैंडलरों, तस्करी नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की पहचान में जुटी हैं।
पुलिस के अनुसार इससे पहले भी इसी नेटवर्क से जुड़े आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी और उनके पास से मशीन गन, पिस्तौल तथा अन्य हथियार बरामद किए गए थे। मौजूदा कार्रवाई के बाद पूरे मॉड्यूल के तार खंगाले जा रहे हैं और आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।