विश्व

अमेरिका-ईरान युद्ध फिर भड़का: IRGC ने होर्मुज जलडमरूमध्य बंद किया, US ने शुरू किया हमला

अमेरिका-ईरान युद्ध फिर से भड़क उठा। IRGC ने होर्मुज स्ट्रेट को आगे नोटिस तक बंद करने का ऐलान किया, जिसके जवाब में अमेरिका ने ईरान पर तीसरे दौर के हमले शुरू कर दिए। साइप्रस जहाज क्षतिग्रस्त, ओमान में चल रही बातचीत और दोनों तरफ से बड़ी चेतावनियां।

Published by
कुलदीप सिंह

अमेरिका और ईरान के मध्य 28 फरवरी 2026 से शुरू हुआ युद्ध थमने का नाम नहीं ले रहा है। कुछ दिनों की शांति के बाद एक बार फिर से खाड़ी में दोनों देशों के मध्य युद्ध शुरू हो गया है। इसी क्रम में IRGC ने एक बार फिर से होर्मुज स्ट्रेट को बंद करने का ऐलान कर दिया है, जिसके बाद अमेरिका ने ईरान पर बमबारी शुरू कर दी है। वहीं इस्लामिक गार्ड ने आऱोप लगाया है कि एक जहाज ने अपनी लोकेशन सिस्टम बंद कर दिया था, जो समुद्री सुरक्षा के लिए खतरा बन गया। IRGC की नौसेना ने बयान में लिखा कि उस जहाज को रोका गया। उन्होंने जहाज की कोई डिटेल नहीं बताई।

अमेरिका बोला-हम ईरान की पलटवार की क्षमता कम कर रहे

अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने कुछ ही देर बाद कहा कि उन्होंने ईरान पर तीसरे दौर के हमले शुरू कर दिए हैं। उनका बयान था कि वे ईरान की उस क्षमता को कम कर रहे हैं जिससे वह आम नागरिक जहाजों और व्यापारी पोतों पर हमला कर सके। साइप्रस के झंडे वाला एक कंटेनर जहाज ईरान के हमले में बुरी तरह प्रभावित हुआ। इसके इंजन रूम को काफी नुकसान पहुंचा और एक सिविलियन क्रू मेंबर लापता है। यूके मैरिटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (UKMTO) ने बताया कि ओमान के पूर्व में नौ समुद्री मील दूर एक घटना हुई। जहाज के पिछले हिस्से में नुकसान हुआ और आग लग गई।

ईरान का पूरा बयान

ईरान ने कहा कि कई जहाज अनुमति वाली जगह से अलग रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहे थे और चेतावनी के बावजूद रास्ता नहीं सुधारा। IRGC ने जलडमरूमध्य को “आगे के नोटिस तक” बंद कर दिया है। यह तब तक बंद रहेगा जब तक अमेरिका इस इलाके में हस्तक्षेप बंद नहीं कर देता। उन्होंने चेतावनी दी कि ईरान पर कोई आक्रामक कार्रवाई हुई तो सख्त जवाब दिया जाएगा और इलाके में नए दुश्मन ठिकानों को निशाना बनाया जाएगा।

ओमान में बातचीत की कोशिश

यह घटना ऐसे समय हुई है जब ओमान में जलडमरूमध्य की स्थिति पर चर्चा चल रही है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराकची ओमान के अपने समकक्ष सय्यद बद्र अल्बुसैदी से मिले। दोनों ने जहाजों के सुरक्षित गुजरने के लिए उपयुक्त तरीकों पर बात की। एक वरिष्ठ ईरानी सूत्र ने रॉयटर्स को बताया कि ईरान, अमेरिका, कतर और पाकिस्तान ने बातचीत करने पर सहमति जताई है। मध्यस्थ इस बातचीत को शनिवार को कराने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन यह साफ नहीं है कि बैठक हुई या नहीं।

पृष्ठभूमि और तनाव

इससे पहले दोनों तरफ से शब्दों का आदान-प्रदान हुआ था। ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने इससे पहले शनिवार को धमकी दी थी कि उनके अब्बा अयातुल्लाह अली खामेनेई की हत्या का बदला लिया जाएगा। यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के धमकी भरे बयान के कुछ घंटे बाद आया। मोजतबा खामेनेई ने लिखा, “बदला लेना हमारे राष्ट्र की इच्छा है और इसे पूरा किया जाएगा।” उन्होंने कहा कि ईरान ने कुछ लोगों की सूची बना ली है जिन्हें निशाना बनाया जाएगा।

इस हफ्ते की शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी हुई थी, जिससे फरवरी के अंत में शुरू हुए युद्ध को रोकने वाला अस्थायी समझौता प्रभावित हुआ। युद्ध की शुरुआत में अमेरिका-इजराइल के बड़े हमलों में तत्कालीन सर्वोच्च नेता अली खामेनेई मारे गए थे। ट्रंप ने युद्धविराम खत्म होने का ऐलान किया है लेकिन बातचीत का रास्ता खुला रखा है। मध्यस्थ इस समस्या को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं। ईरानी मीडिया के मुताबिक कतर का एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को ईरान गया था।

ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल प्लेटफॉर्म पर लिखा कि अगर उनकी हत्या की कोशिश की गई तो अमेरिका ईरान को पूरी तरह तबाह कर देगा। उन्होंने कहा कि 1000 मिसाइलें तैयार हैं और जरूरत पड़ी तो और हजारों दाग दी जाएंगी।

Share

Recent News