नई दिल्ली: ऑस्ट्रेलियाई दौरे के तीसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पहुंचे। वहां वह कई खिलाड़ियों से मिलें जिनमें पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान स्टीव वॉ और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम की कप्तान लिसा स्थालेकर भी शामिल रहीं।इस दौरान लिसा ने पीएम मोदी से एक बैट पर ऑटोग्राफ भी लिया। वह ऑस्ट्रेलिया की ओर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाली पहली भारतीय मूल की खिलाड़ी हैं। आइए जानते हैं कि कौन है लिसा स्थालेकर और उनका भारत से क्या है कनेक्शन?
कौन है लिसा और कहां हुआ उनका जन्म?
लिसा का जन्म पुणे में हुआ था। उन्हें एक नवजात शिशु के रूप में अस्पताल में ही छोड़ दिया गया था। बाद में एक अनाथालय से हरेन और उनकी पत्नी सू ने उन्हें गोद लिया। अनाथालय में उनका नाम लैला रखा था। वह अपने गोद लिए हुए अभिभावकों के साथ पहले केन्या और फिर ऑस्ट्रेलिया गईं।

2013 वर्ल्ड कप के बाद क्रिकेट से ली विदाई
उन्हें क्रिकेट से उनके पिता ने रूबरू करवाया था। उनका क्रिकेट करियर 1997 में न्यू साउथ वेल्स के साथ शुरू हुआ था। वह ऑस्ट्रेलिया के लिए पहला अंततरराष्ट्रीय मैच खेलकर इतिहास रच चुकी हैं। साल 2001 में उन्होंने इग्लैंड के खिलाफ अपना वनडे डेब्यू किया था। लिसा 2013 तक ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम की सदस्य रहीं और 2013 वर्ल्ड कप के बाद उन्होंने क्रिकेट को अलविदा कह दिया था।
लिसा ने ऑस्ट्रेलिया के लिए खेले 8 टेस्ट मैच
लिसा ने अपने करियर के दौरान ऑस्ट्रेलिया के लिए 8 टेस्ट मैच खेले जिसमें उन्होंने 416 रन बनाए और 23 विकेट लिए। 125 वनडे मैचों में उन्होंने 2728 रन बनाए। 54 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उनके नाम 769 रन और 60 विकेट हैं। लिसा 2005 और 2013 के वनडे वर्ल्ड कप और 2010 और 2012 के टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा रहीं।

















