महाराष्ट्र के खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने मुंबई के एक प्रसिद्ध आइसक्रीम पार्लर पर बड़ी कार्रवाई की है। प्रशासन ने चर्चगेट के वीर नरीमन रोड पर ब्रेबोर्न स्टेडियम हाउस में स्थित रुस्तम आइसक्रीम पार्लर का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। एफडीए आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर ‘सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र’ अभियान के तहत यह सख्त कार्रवाई हुई। बताया जा रहा है कि औचक निरीक्षण में आइस्क्रीम पार्लर में एक्सपायर हो चुके फूड प्रोडक्ट्स और स्वच्छता को लेकर गंभीर खामियां पाई गई थीं। यहां जिंदा चूहे और खाने के सामानों पर मक्खियां भिनभिनाती हुई मिलीं।
एफडीए के अनुसार, निरीक्षण टीम ने मौके पर पिस्ता, अनानास और स्ट्रॉबेरी जैसे कई एक्सपायर्ड कृत्रिम फ्लेवर पाए, जिन्हें तुरंत नष्ट कर दिया गया। जांच में पता चला कि आइसक्रीम में केवल 7.94 प्रतिशत मिल्क फैट था, जबकि एफएसएसएआई के अनुसार यह कम से कम 10 प्रतिशत होना चाहिए। इन गंभीर उल्लंघनों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 की धारा 32(3) के तहत आइस्क्रीम पार्लर के खाद्य लाइसेंस को तत्काल सस्पेंड करने का आदेश जारी किया गया। वहीं आइसक्रीम के नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं। रिपोर्ट आने तक पार्लर बंद रहेगा।
‘सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र’ अभियान
राज्य के लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाना मिले, यह सुनिश्चित करने के लिए कमिश्नर तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में ‘सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र’ नाम का एक विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने मुंबई में होटल चलाने वालों के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया है। इसी क्रम में रुस्तम आइसक्रीम पार्लर पर अचानक छापेमारी की गई। इस दौरान पिस्ता, स्वीट ऑरेंज, चेरी, बादाम, अमेरिकन आइसक्रीम सोडा, मिक्स फ्रूट जैसे एक्सपायर्ड सामान मिले थे। इसके अलावा दुकान में साफ-सफाई में गंभीर कमी दिखी और वहां पर एक जिंदा चूहा भी मिला। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी तेजस्विनी पाटिल और आकाश चव्हाण ने संयुक्त आयुक्त पी आर सिंगारवाड और सहायक आयुक्त अनुपमा पाटिल की देखरेख में की।
नागपुर, धुले के होटल का लाइसेंस भी सस्पेंड
इससे पहले नागपुर में ‘श्री हीरा स्वीट्स’ में मरे हुए चूहे के पास खाना बनाया जा रहा था। जैसे ही यह मामला सामने आया, इस जगह का लाइसेंस भी सस्पेंड कर दिया गया। इसके साथ ही धुले के होटल पाटिलवाड़ा के खाद्य व्यवसाय लाइसेंस को सस्पेंड कर दिया गया। यह होटल बिना लाइसेंस के चल रहा था, जो खाद्य सुरक्षा और मानक (खाद्य व्यवसायों का लाइसेंसिंग और पंजीकरण) विनियमन, 2011 की अनुसूची 4 के भाग II का उल्लंघन है।
मुंबई में मशहूर है रुस्तम आइसक्रीम पार्लर
‘रुस्तम’ आइसक्रीम पार्लर मुंबई का सबसे मशहूर और पुराना आइसक्रीम पार्लर है। के. रुस्तम ईरानी ने इसे 1953 में स्थापित किया था। रुस्तम एंड कंपनी अपनी स्पेशल आइसक्रीम सैंडविच के लिए भी प्रसिद्ध है।
















