विदेश मंत्रालय (MEA) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पासपोर्ट मुख्य रूप से एक यात्रा दस्तावेज है। इसे नागरिकता का प्रमाण मानकर नहीं चलना चाहिए। यह बात उन्होंने बुधवार को 14वें पासपोर्ट सेवा दिवस के मौके पर पासपोर्ट सेवाओं के विस्तार पर एक कार्यक्रम में कही। अधिकारियों ने एक सवाल के जवाब में स्पष्ट किया कि पासपोर्ट विदेश में रहने वाले भारतीयों की राष्ट्रीयता की पुष्टि करता है, लेकिन यह नागरिकता का दस्तावेज नहीं है। इस बयान के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर काफी चर्चा शुरू हो गई। लोग पूछने लगे कि अगर पासपोर्ट, आधार कार्ड और वोटर आईडी जैसे दस्तावेज नागरिकता साबित करने के लिए पर्याप्त नहीं हैं, तो फिर भारत में नागरिकता का पक्का प्रमाण क्या है?
MEA का बयान और उसका मतलब
विदेश मंत्रालय का यह स्पष्टीकरण कोई नया नहीं है। कोर्ट के कई पुराने फैसलों में भी यही कानूनी स्थिति साफ की गई है। लेकिन अभी चुनाव आयोग के वोटर लिस्ट की खास समीक्षा (SIR) के समय यह बात ज्यादा चर्चा में आ गई है। बिहार में SIR मामले की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस सूर्य कांत और जॉयमाल्या बागची की बेंच ने 12 अगस्त 2025 को कहा था कि दावों और आपत्तियों के लिए आधार कार्ड का इस्तेमाल सिर्फ पहचान के प्रमाण के रूप में हो सकता है, न कि भारतीय नागरिकता का सबूत मानकर।
इसे भी पढ़ें: आपातकाल का सच: ‘इंदिरा ने बहुत गलत किया’, सुमित्रा गुलाटी के पूरे परिवार को जेल भेजा, छोटे-छोटे बच्चों को भी नहीं छोड़ा
लोगों की प्रतिक्रियाएं
X पर यूजर्स ने MEA के इस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी। एक यूजर ने पासपोर्ट की फोटो शेयर करते हुए लिखा, “यह क्या है फिर?” दूसरे ने पूछा, “पासपोर्ट नागरिकता का दस्तावेज नहीं, आधार नहीं, वोटर आईडी नहीं तो फिर क्या है?” एक और यूजर ने इसे अजीब बताया और लिखा, “वही विदेश मंत्रालय जो हमें पासपोर्ट देता है ताकि हम विदेश में खुद को भारतीय नागरिक साबित कर सकें, अब कह रहा है कि यह नागरिकता का प्रमाण नहीं है। क्या हमारे अपने देश में हमारा पासपोर्ट बेकार हो गया?”
नागरिकता साबित करने के दस्तावेजों पर अस्पष्टता
सरकार की तरफ से अभी तक नागरिकता साबित करने वाले दस्तावेजों को लेकर पूरी स्पष्टता नहीं है। 2019 में प्रेस इंफॉर्मेशन ब्यूरो (PIB) ने नेशनल रजिस्टर ऑफ सिटीजन्स (NRC) से जुड़े एक सवाल-जवाब में कहा था कि जन्म तिथि और जन्म स्थान से जुड़े कोई भी दस्तावेज जमा करके नागरिकता साबित की जा सकती है। लेकिन यह फैसला अभी तक नहीं लिया गया है कि आखिर कौन-कौन से दस्तावेज स्वीकार किए जाएंगे।













