भारत

UCC पर बोलीं सना मलिक: पाकिस्तान की तरह भारत में लागू हो इस्लामिक कानून, NCP नेता ने तीन तलाक, बहुविवाह का किया समर्थन

सना मालिक ने पाकिस्तान, कुरान और मुस्लिम पर्सनल लॉ का उल्लेख करते हुए भारत में भी इस्लामिक कानून लागू करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की तरह भारत को भी इस्लामिक कानून लागू करना चाहिए, हम इसकी मांग करते हैं।

Published by
सुनीता मिश्रा

महाराष्ट्र विधानसभा में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर हंगामा देखने को मिला। इस दौरान एनसीपी विधायक सना मालिक ने पाकिस्तान, कुरान और मुस्लिम पर्सनल लॉ का उल्लेख करते हुए भारत में भी इस्लामिक कानून लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की तरह भारत को भी इस्लामिक कानून लागू करना चाहिए, हम इसकी मांग करते हैं। साथ ही उन्होंने तीन तलाक और बहुविवाह का समर्थन किया। सना मलिक ने कहा कि बहुविवाह केवल मुस्लिम समुदाय में नहीं हो रहा है, सभी धर्मों में हो रहा है। उनके इस बयान पर भाजपा और शिवसेना (शिंदे) के विधायकों ने कड़ा विरोध जताया।

‘देश संविधान से चलता है, कुरान से नहीं’

भाजपा विधायक अतुल भातखलकर ने कहा कि चर्चा का विषय तीन तलाक कानून के क्रियान्वयन से जुड़ा है, न कि पाकिस्तान या धार्मिक व्याख्याओं से। यह देश संविधान से चलता है, कुरान से नहीं। उन्होंने आगे कहा, “यह देश संविधान से चलता है, कुरान से नहीं। यहां पाकिस्तान और मजहबी परंपराओं पर भाषण देने की आवश्यकता नहीं है।”

क्या है पूरा मामला?

महाराष्ट्र विधानसभा में मंगलवार (23 जून) को भाजपा विधायक देवयानी फरांदे द्वारा नियम 105 के तहत प्रस्तुत लक्षवेधी सूचना पर मुस्लिम महिलाओं की सुरक्षा, तीन तलाक कानून के क्रियान्वयन और समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान सदन में पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। देवयानी फरांदे ने कहा कि केंद्र सरकार ने मुस्लिम महिलाओं को न्याय दिलाने के उद्देश्य से तीन तलाक पर प्रतिबंध लगाने वाला कानून बनाया है, लेकिन महाराष्ट्र में उसका प्रभावी क्रियान्वयन नहीं हो रहा। उन्होंने दावा किया कि मुस्लिम महिलाओं को बहुविवाह, तलाक और घरेलू अत्याचार जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। फरांदे के अनुसार, पिछले डेढ़ महीने में तीन मुस्लिम महिलाएं मदद के लिए उनके पास आई थीं। उन्होंने ​कहा कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज किए, लेकिन पीड़ित महिलाओं को अभी तक पूरा न्याय नहीं मिला है। एक महिला को अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई, जबकि दूसरी महिला के पति ने उस पर हमला करने की कोशिश की। उन्होंने भारत में मुस्लिम महिलाओं की सुरक्षा और उनके अधिकारों को लेकर गंभीर चर्चा की आवश्यकता पर जोर दिया। देवयानी फरांदे ने सरकार से पूछा कि राज्य में समान नागरिक संहिता कब लागू की जाएगी और क्या इसके लिए कोई विशेष टास्क फोर्स बनाई जाएगी?

सना मलिक ने इस्लामिक कानून की मांग की

देवयानी फरांदे के बयान पर आपत्ति जताते हुए सना मलिक ने कहा कि मुस्लिम महिलाओं पर होने वाले अत्याचारों को केवल मुस्लिम समाज से जोड़कर देखना उचित नहीं है। बहुविवाह केवल मुस्लिम समुदाय तक सीमित नहीं है यह अन्य धर्मों में भी देखने को मिलता है। उन्होंने अपने बयान में आगे कहा कि पाकिस्तान ने कोई नया कानून नहीं बनाया है, बल्कि कुरान में जो व्यवस्था बताई गई है, उसका पालन किया है। भारत में भी पाकिस्तान की तरह कुरान के नियमों का सम्मान होना चाहिए और यहां इस्लामिक काननू लागू होना चाहिए।

सना मलिक ने तीन तलाक पर क्या कहा?

सना मलिक ने तीन तलाक का समर्थन करते हुए कहा, “तलाक के अलग-अलग तरीके हैं। तलाक तीन तरह के होते हैं: तलाक-ए-हसन, तलाक-ए-अहसन और तलाक-ए-बिद्दत। तीन तलाक को लेकर जो कानून बनाया गया, वह ऐसी व्यवस्था पर आधारित था, जो व्यवहार में पहले से व्यापक रूप से लागू नहीं था। इसका कहीं कोई जिक्र नहीं है। इसके बाद उन्होंने बहुविवाह पर कहा, “पॉलीगैमी सिर्फ एक धर्म में नहीं, बल्कि हर धर्म में हो रहा है। मुसलमानों में पॉलीगैमी का तरीका सिखाया गया है और उसका पालन किया जाना चाहिए। उसके लिए एक कानून लाया जाना चाहिए।”

महायुति सरकार UCC विधेयक लागू करने के प्रति प्रतिबद्ध

गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने कहा कि महायुति सरकार यूसीसी विधेयक लागू करने के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। समान नागरिक संहिता विधेयक का मसौदा तैयार करने के लिए हाईकोर्ट के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की अध्यक्षता में समिति गठित करेंगे। उत्तराखंड में लागू कानून का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पारित समान नागरिक संहिता कानून ने बहुविवाह पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है और इसके उल्लंघन पर सात वर्ष तक की सजा का प्रावधान किया गया है।

बता दें कि सना मलिक राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दिग्गज नेता नवाब मलिक की बेटी हैं। वर्ष 2022 में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को नवाब मलिक के अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के गिरोह से संबंध होने के पुख्ता सबूत मिले थे।

 

Share

Recent News