अमेरिका और ईऱान के बीच शांति समझौता होने के बाद से होर्मुज स्ट्रेट एक बार फिर से नौवहन के लिए खुल गया है। इसका सकारात्मक असर यह देखने को मिल रहा है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार गिरावट हो रही है। तेल की कीमतें 126 डॉलर प्रति बैरल से $76.10 प्रति बैरल तक आ गई हैं। कहा जा रहा है कि तेल की कीमतें और अधिक गरेंगी।
रिपोर्ट्स के अनुसार, सुबह 7 बजे IST के आसपास WTI क्रूड $76.10 प्रति बैरल पर था, जो 0.69 डॉलर या 0.90% नीचे था। ब्रेंट क्रूड $78.86 पर ट्रेड कर रहा था, जो 0.69 डॉलर या 0.87% कम था। बुधवार को WTI $76.46 और ब्रेंट $79.41 पर बंद हुआ था।
समझौते की मुख्य बातें
यह 14-पॉइंट मेमोरेंडम दोनों देशों के बीच हुआ है। इससे 60 दिनों की बातचीत की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस दौरान ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य से बिना टोल के गुजरने की इजाजत देगा। यह रूट दुनिया के तेल और गैस ट्रांसपोर्ट के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। प्लान के मुताबिक, 30 दिनों के अंदर इस जलडमरूमध्य से ट्रैफिक को पूरी क्षमता पर वापस लाया जाएगा।
समझौते का मकसद ज्यादातर युद्ध से पहले वाली स्थिति को बहाल करना है। लेकिन कुछ बड़े मुद्दे अभी भी अनसुलझे हैं, जैसे ईरान का न्यूक्लियर प्रोग्राम।
आर्थिक मदद और चेतावनी
समझौते में अमेरिका और उसके सहयोगियों को ईरान की अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने के लिए $300 बिलियन का फाइनेंसिंग प्लान तैयार करने को कहा गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने समझौते की घोषणा करते हुए साफ चेतावनी दी है कि अगर तेहरान अपने वादों पर अमल नहीं करता तो हमले फिर शुरू हो सकते हैं और ईरानी अधिकारियों को निशाना बनाया जा सकता है। फ्रांस में G7 समिट पर बोलते हुए ट्रंप ने पहले के कुछ बयानों में थोड़ा नरमी दिखाई। उन्होंने कहा कि तेहरान के पास बैलिस्टिक मिसाइलें न होना “अनफेयर” होगा, हालांकि पहले उन्हें खत्म करने की बात कही गई थी।
सप्लाई पर असर और कीमतों में गिरावट
अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) ने पहले ही चेतावनी दी थी कि अगर हॉर्मुज फिर पूरी तरह खुल गया तो मौजूदा सप्लाई संकट 2027 तक बड़े सरप्लस में बदल सकता है। एजेंसी के मासिक रिपोर्ट में कहा गया है कि अगले साल ग्लोबल सप्लाई डिमांड से 5.05 मिलियन बैरल प्रतिदिन ज्यादा हो सकती है, क्योंकि मिडिल ईस्ट का तेल बाजार में वापस आएगा।
शांति समझौते की घोषणा के बाद दोनों बेंचमार्क क्रूड की कीमतें 5% से ज्यादा गिर चुकी हैं और तीन महीने के निचले स्तर पर पहुंच गई हैं। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि हॉर्मुज से तेल का सामान्य फ्लो फिर शुरू हो जाएगा।















