उधम सिंह नगर। पाकिस्तान से ड्रोन के जरिए अवैध हथियार और ड्रग्स की तस्करी में शामिल पंजाब के मोस्टवांटेड अपराधी को उत्तराखंड एसटीएफ ने उधम सिंह नगर के बाजपुर से गिरफ्तार किया है। उत्तराखंड एसटीएफ और पंजाब पुलिस सहित उधम सिंह नगर पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन के तहत यह कार्रवाई हुई।
पुलिस के अनुसार पंजाब से फरार भगोड़ा अभियुक्त ईशानप्रीत सिंह पुत्र जगजीत सिंह, अमृतसर (पंजाब) का निवासी है। एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि पंजाब पुलिस से सम्पर्क करने पर ये बात सामने आयी कि ईशानप्रीत के पास सीमा पार पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये बार्डर पर ये हथियार व ड्रग्स पहुंचाने गयी थी, तब से पंजाब पुलिस व सुरक्षा बलों द्वारा उसकी तलाश के लिए प्रयास किए जा रहे थे। इसी बीच उत्तराखण्ड एसटीएफ को पंजाब पुलिस के माध्यम से ईशानप्रीत के उत्तराखण्ड में जनपद ऊधमसिंह नगर में होने की सूचना दी गयी, जिसपर एक टीम को इस टास्क पर लगाया गया। आज तड़के एसटीएफ उत्तराखंड व पंजाब पुलिस की एएनटीएफ व स्थानीय पुलिस टीम द्वारा चलाये गये ज्वाइंट ऑप्रेशन में बाजपुर के केशवनगर से इस अपराधी को गिरफ्तार किया गया। जिसे पूछताछ के उपरान्त पंजाब पुलिस के सुपुर्द किया गया, विस्तृत पूछताछ सम्बन्धित राज्य पंजाब के द्वारा की जायेगी।
एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने यह बताया कि 23 मई, 2026 को अमृतसर, पंजाब में नशा एवं हथियार तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) अमृतसर एवं बीएसएफ (BSF) टीम द्वारा एक संयुक्त सर्च ऑपरेशन चलाया गया। यह कार्रवाई ईशानप्रीत सिंह पुत्र जगजीत सिंह, निवासी गली नं. 1, सुरता सिंह कॉलोनी, नारायणगढ़, थाना छेहर्टा, अमृतसर सिटी के आवास पर रेड की गई।
उन्होंने बताया कि पुलिस के सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ईशानप्रीत सिंह मकान की छत से छलांग लगाकर पीछे की ओर से फरार हो गया। तलाशी के दौरान उसके घर से भारी मात्रा में अवैध हथियार एवं मादक पदार्थ बरामद किए गए, जिनमें शामिल हैं।
कुल 12 अवैध पिस्टल
3 बरेटा (Beretta) पिस्टल, 3 जिगाना (Zigana) पिस्टल, मेड इन चाइना पिस्टल, 20 मैगजीन, लगभग 900 ग्राम हेरोइन बरामद।

















