कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच गुरुवार को उत्तर भारत और मध्य भारत के कई राज्यों में मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने लोगों को गर्मी से राहत दी। हालांकि कई जगहों पर खराब मौसम के कारण नुकसान भी हुआ और जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में मौसम बदला।
आंधी-बारिश से राहत
लंबे समय से गर्मी और लू का सामना कर रहे लोगों ने बारिश के बाद राहत की सांस ली। दिल्ली-एनसीआर में तेज आंधी और बारिश का सबसे अधिक असर देखने को मिला। नोएडा और गाजियाबाद में करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। तेज आंधी के कारण कई पेड़ उखड़ गए और बिजली के खंभे गिर गए। इससे कई इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित हुई। नोएडा में एक निर्माणाधीन इमारत पर काम कर रहे श्रमिक की मौत भी हो गई। हरियाणा में धूलभरी आंधी और बारिश के दौरान शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के काफिले की पायलट गाड़ी पर बिजली का खंभा गिर गया, जिससे चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं पंजाब के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि किसानों को फसलों के नुकसान की चिंता सताने लगी है।
हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी और कांगड़ा सहित कई इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे सेब, टमाटर और मटर जैसी फसलों को नुकसान पहुंचा। उत्तराखंड के देहरादून और मसूरी में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। जम्मू-कश्मीर में भी दोपहर बाद मौसम बदला और कई जिलों में तेज हवाओं के साथ वर्षा हुई। कुछ स्थानों पर टिन की छतें उड़ गईं और पेड़ों से कच्चे आम गिर गए। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में बादल, हल्की बारिश और तेज हवाओं का असर दिखाई दिया, जबकि लखनऊ समेत मध्य यूपी के कुछ इलाकों में गर्मी बनी रही। राजस्थान में धूलभरी हवाएं चलीं, जबकि मध्य प्रदेश के कई जिलों में तेज हवा और बारिश से लोगों को राहत मिली।















