उत्तर प्रदेश में सितंबर खत्म होने को है, लेकिन बारिश थमने का नाम नहीं ले रही। कई जिलों में पिछले दिनों हुई तेज बारिश के बाद मौसम अचानक ठंडा हो गया है। सुबह और शाम चल रही ठंडी हवाओं से लोगों को अभी से सर्दी का एहसास होने लगा है। इस बीच मौसम विभाग ने आज प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को लेकर चेतावनी जारी की है। बारिश का असर आम जनजीवन पर भी दिखाई दे रहा है। कई जगह सड़कें पानी से भर गई हैं, तो कुछ इलाकों में लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए कई जिलों में स्कूल बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग ने 5 जिलों में रेड अलर्ट, 17 में ऑरेंज अलर्ट और 32 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है।
इन 5 जिलों में रेड अलर्ट
बहराइच, बलरामपुर, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर और गोंडा में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की आशंका है। इन जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वज्रपात का खतरा भी बना हुआ है। ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान घर में रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।
यह भी पढ़ें – Aaj Ka Mausam: आज इन 11 राज्यों में बरसेंगे बादल, भारी बारिश के साथ 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
चित्रकूट, बांदा, प्रयागराज, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, अमेठी, सुल्तानपुर और महाराजगंज समेत 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट है। इन इलाकों में भी तेज बारिश हो सकती है। प्रयागराज के कुछ हिस्सों में पहले से जलभराव और बाढ़ जैसे हालात हैं, इसलिए यहां लोगों की परेशानी बढ़ सकती है। भारी बारिश के बीच आजमगढ़, बलिया, गाजीपुर, मऊ, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महाराजगंज समेत 32 जिलों में अचानक बाढ़ यानी फ्लैश फ्लड का अलर्ट है। लखनऊ, उन्नाव, रायबरेली, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बहराइच और सीतापुर भी इसकी चपेट में आ सकते हैं। ऐसे मौसम में निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। नदी, नाले या जलभराव वाले इलाकों के पास जाने से बचें। मौसम विभाग और प्रशासन की चेतावनी को गंभीरता से लेना ही इस समय सबसे जरूरी है।















