कोलकाता। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा (Post-Poll Violence) से प्रभावित तृणमूल कांग्रेस (TMC) कार्यकर्ताओं के परिवारों से मिलने दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर पहुंचे पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव व लाेकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी को शनिवार को भारी विरोध प्रदर्शन का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दाैरान उन पर अंडे और जूते फेंके गए तथा कथित तौर पर धक्का-मुक्की किए जाने की खबरें भी सामने आई हैं।
भीड़ ने घेरा, बचने के लिए पहना ‘क्रिकेट हेलमेट’
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोनारपुर में प्रवेश के दौरान अभिषेक बनर्जी अपना चारपहिया वाहन छोड़कर मोटरसाइकिल से आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ ने अचानक उनका रास्ता घेर लिया और हंगामा शुरू कर दिया।
घटना के मुख्य बिंदु:
- स्थिति तनावपूर्ण होने पर सुरक्षा के मद्देनजर अभिषेक बनर्जी को बचाव के लिए किकेट हेलमेट (Cricket Helmet) पहनना पड़ा।
- विरोध और हंगामे के दौरान भीड़ द्वारा उन पर अंडे और जूते भी फेंके गए।
- कथित तौर पर हुई धक्का-मुक्की में उनकी शर्ट के बटन भी टूट गए।
काले झंडे दिखाए और लगे “गो बैक” के नारे
अभिषेक बनर्जी के सोनारपुर पहुंचने से पहले ही विभिन्न स्थानों पर विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया था। कई लोग हाथों में काले झंडे लेकर “गो बैक” (Go Back) के नारे लगा रहे थे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पाटुली के ढालाई ब्रिज से लेकर सोनारपुर के कामराबाद क्षेत्र तक भारतीय जनता पार्टी (BJP) कार्यकर्ताओं द्वारा यह विरोध प्रदर्शन किया गया।
विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के लगभग तीन सप्ताह बाद यह अभिषेक बनर्जी का पहला बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम था। वह सोनारपुर और बेलेघाटा क्षेत्रों में हिंसा से प्रभावित TMC कार्यकर्ताओं के परिजनों का हाल जानने पहुंचे थे।
इधर अभिषेक बनर्जी के आवास पर पहुंची CID की टीम
एक तरफ सोनारपुर में हंगामा हो रहा था, वहीं दूसरी तरफ शनिवार दोपहर राज्य की अपराध जाँच विभाग (CID) की एक टीम अभिषेक बनर्जी के कोलकाता स्थित आवास पर जा पहुंची। बताया गया कि यह कार्रवाई तृणमूल विधायकों के हस्ताक्षर संबंधी एक मामले की जांच के सिलसिले में की गई।
हालांकि, उस समय CID अधिकारियों को बताया गया कि अभिषेक आवास पर मौजूद नहीं हैं। बाद में बेलियाघाटा से तृणमूल विधायक कुणाल घोष ने दावा किया कि अभिषेक उस समय उनके ‘राममोहन राय रोड’ स्थित आवास पर मौजूद थे।
पुलिस ने बढ़ाई सतर्कता
सोनारपुर में विरोध प्रदर्शन और हंगामे के दौरान पुलिस बल लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहा और सुरक्षा व्यवस्था संभालता रहा। इस घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल और अधिक गर्मा गया है। पुलिस ने मामले को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है और चप्पे-चप्पे पर स्थिति की कड़ी निगरानी की जा रही है।
















