धार। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को धार प्रवास के दौरान ऐतिहासिक भोजशाला पहुंचे। उन्होंने यहां माँ वाग्देवी की पावन भूमि स्थित भोजशाला मंदिर में दर्शन-पूजन कर सभी के मंगल और कल्याण की कामना की।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को दोपहर करीब डेढ़ बजे भोजशाला पहुंचे। यहां उन्होंने मां वाग्देवी की पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह स्थान हमारी सनातन संस्कृति के स्वाभिमान का प्रतीक है। माँ वाग्देवी का आशीर्वाद सदैव मध्य प्रदेश पर बना रहे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुबह से ही भोजशाला और शहर के प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। भोजशाला परिसर के आसपास पुलिस बल तैनात रहा और प्रवेश व्यवस्था को नियंत्रित किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता और श्रद्धालु भी मौके पर मौजूद रहे।

















