आज के समय में ट्रेन में सफर करते वक्त मोबाइल फोन गुम होना या चोरी होना एक आम बात बन गई है। रोजाना लाखों लोग रेलवे से यात्रा करते हैं। भीड़ ज्यादा होने की वजह से कई बार लोग अपना फोन सीट पर भूल जाते हैं या फिर चोर मौका देखकर मोबाइल चोरी कर लेते हैं। ऐसे समय में लोग घबरा जाते हैं, लेकिन अब परेशान होने की जरूरत नहीं है। कुछ आसान स्टेप्स अपनाकर आप अपना फोन वापस पाने की कोशिश कर सकते हैं।
तुरंत शिकायत और रेल मदद ऐप का उपयोग करें
अगर ट्रेन में आपका मोबाइल गुम हो जाए या चोरी हो जाए तो सबसे पहले तुरंत शिकायत दर्ज कराएं। जल्दी शिकायत करने से फोन मिलने की संभावना बढ़ जाती है और कोई दूसरा व्यक्ति उसका गलत इस्तेमाल भी नहीं कर पाता। रेलवे ने यात्रियों की मदद के लिए “रेल मदद” ऐप शुरू किया है। इस ऐप के जरिए आप आसानी से अपने खोए या चोरी हुए मोबाइल की शिकायत कर सकते हैं। आपकी शिकायत सीधे रेलवे अधिकारियों और रेलवे सुरक्षा बल तक पहुंच जाती है, जिससे कार्रवाई जल्दी शुरू हो जाती है। इसके बाद आपको सरकार के “संचार साथी” पोर्टल पर जाकर अपने मोबाइल को ब्लॉक करना चाहिए। फोन ब्लॉक होने के बाद कोई दूसरा व्यक्ति आपके मोबाइल का इस्तेमाल नहीं कर पाएगा। इससे आपके बैंक अकाउंट, फोटो, सोशल मीडिया और जरूरी जानकारी सुरक्षित रहती है। शिकायत करते समय कुछ जरूरी जानकारी अपने पास रखें। जैसे आपका मोबाइल नंबर, फोन का 15 अंकों वाला IMEI नंबर, फोन कहां गुम हुआ, पुलिस शिकायत या FIR नंबर और आपका पता। IMEI नंबर फोन की पहचान के लिए सबसे जरूरी होता है।
यह भी पढ़ें- रेलवे का ‘स्मार्ट’ सिस्टम करेगा कमाल, अब AI बताएगा टिकट कन्फर्म होगा या नहीं
फॉर्म जमा करने के बाद आपको एक Request ID मिलती है। इसकी मदद से आप अपने केस की जानकारी ऑनलाइन देख सकते हैं। इसके बाद संबंधित एजेंसियां फोन को ट्रेस करने का काम शुरू करती हैं। अगर फोन चालू होता है या उसकी लोकेशन मिलती है तो रेलवे सुरक्षा बल की मदद से उसे वापस दिलाने की कोशिश की जाती है। इसलिए अगर अगली बार ट्रेन में आपका मोबाइल गुम हो जाए तो घबराएं नहीं। सही समय पर शिकायत करें और जरूरी प्रक्रिया पूरी करें। इससे आपका फोन वापस मिलने की उम्मीद काफी बढ़ जाती है।

















